जिले में बर्ड फ्लू फैलने की आशंका
गोड्डा/मेहरमा : जिले में बर्ड फ्लू फैलने की आशंका है। मेहरमा प्रखंड की सुखाड़ी पंचायत म
गोड्डा/मेहरमा : जिले में बर्ड फ्लू फैलने की आशंका है। मेहरमा प्रखंड की सुखाड़ी पंचायत में मंगलवार को एक साथ कई कौए मरे हुए पाए गए। विगत एक सप्ताह से भी अधिक समय से कौओं के मरने का सिलसिला जारी है। उधर, पड़ोसी जिले बांका में बर्ड फ्लू की पुष्टि हो चुकी है जिस वजह से यहां भी इसके फैलने की आशंका जताई जा रही है। इसे देखते हुए जिला पशुपालन विभाग भी सतर्क हो गया है। जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. सदानंद महतो ने बताया कि इस संबंध में मेहरमा के पशु चिकित्सा प्रभारी से रिपोर्ट मांगी जा रही है। बताया कि कौओं की मौत ठंड से भी हो सकती है लेकिन एहतियात के तौर पर राज्य मुख्यालय के आलाधिकारियों को मामले की जानकारी दी जा रही है। शीघ्र ही वहां से टीम आकर सैंपल लेगी। बताया कि जिले के सभी पाल्ट्री फार्म पर नजर रखी जा रही है। अगर कही से भी बड़ी संख्या में पक्षी के मौत की खबर आती है तो उसकी सूचना देने के लिए कहा गया है। बर्ड फ्लू की आशंका के बाद बांका जिले में 1200 से अधिक मुर्गों को मारा जा चुका है।
गौरतलब हो कि मेहरमा प्रखंड की सुखाड़ी पंचायत के सुखाड़ी गांव मे मोहम्मद जहीरउद्दीन व शेख नसीर के घर के पास बगीचे में मंगलवार को एक दर्जन से अधिक कौए मृत पाए गए। आसपास के लोगों ने बताया कि पिछले दो सप्ताह से भी अधिक दिनों से कौओं के मरने का सिलसिला जारी है। बीवी जूही एवं बीवी रजिया ने बताया कि रात के समय में कौवा काफी जोर जोर से चिल्लाता है। कई कौओं के मुंह से खून निकलते भी देखा गया है। मोहम्मद जहीरउद्दीन ने बताया कि बगीचा के अलावे अन्य जगह पर भी दर्जनों कौए मरे पड़े हैं। प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी डॉक्टर चंद्रिका प्रसाद ने बताया कि गांव के किसी व्यक्ति ने इस प्रकार की सूचना अभी तक नहीं दी थी। अभी जानकारी मिली है। बताया कि ठंड या फिर मोबाइल रेडिएशन के कारण कौओं की मृत्यु हो सकती है।