डोकीडीह से जीत पर किसी को खुशी तो किसी को गम
डोकीडीह से अकबर अंसारी ने जीता मुखिया का चुनाव
डोकीडीह से जीत पर किसी को खुशी तो किसी को गम
संस, गांडेय(गिरिडीह) : पंचायत चुनाव के दौरान सबसे चर्चित रहे गांडेय प्रखंड के डोकीडीह पंचायत के मतों की बुधवार को गिनती हुई। इस पंचायत में पूर्व में पंचायत समिति सदस्य रहे मो. अकबर अंसारी ने इस बार मुखिया पद पर बाजी मारते हुए 101 मतों से जीत दर्ज की। दूसरे स्थान पर मो. शाकिर हुसैन रहे जबकि तीसरे स्थान पर मो. नियाज अंसारी रहे। बता दें कि बीते 20 अप्रैल को गांडेय प्रखंड परिसर के समीप मुखिया पद के लिए नामांकन कराने आए प्रत्याशी मो. शाकिर हुसैन के समर्थकों ने मुख्य गेट के समीप देशविरोधी नारा लगाया था। बाद में इसका वीडियो वायरल होने पर प्रशासन ने इस मामले में मुखिया प्रत्याशी मो. शाकिर हुसैन समेत नौ लोगों को नामजद करते हुए 50 से 60 अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की थी। वहीं बाद में प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए मुखिया प्रत्याशी समेत पांच आरोपितों को जेल भेज दिया था। आरोपित प्रत्याशी की पत्नी सालेहा खातून ने भी अपना नामांकन कराया था। डोकीड़ीह से आरोपित मुखिया प्रत्याशी, उनकी पत्नी समेत छह उम्मीदवार चुनावी मैदान में थे। प्रचार के आखिरी दिन मो. शाकिर भी जेल से छूटकर चुनाव में जुट गए थे। मेहनत के बाद भी वे चुनाव नहीं जीत पाए परंतु कठिन प्रयास के बाद भी मो. शाकिर 101 मत से चुनाव हार गए।
-सबकी थी निगाह : बता दें कि देशविरोधी नारेबाजी होने के कारण डोकीडीह पंचायत के चुनावी परिणाम पर सभी की निगाहें टिकी थीं। आमजनों के साथ साथ पुलिस प्रशासन की भी नजर इस पर थी। देर शाम को परिणाम में आरोपित प्रत्याशी के हारने के बाद कुछ लोगों को खुशी हुई तो कुछ गम में भी डूब गए।