देश तभी बनेगा महान, जब होगा सौ फीसद मतदान
गिरिडीह कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई-2 की ओर से गोद लिए गांव सिहोडीह में शुक्रवार को मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई।
जागरण संवाददाता, गिरिडीह: गिरिडीह कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई-2 की ओर से गोद लिए गांव सिहोडीह में शुक्रवार को मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली सिहोडीह पंचायत भवन से निकलकर होकर विभिन्न गली-मोहल्लों से गुजरते हुए कॉलेज परिसर पहुंच समाप्त हो गई। रैली में शामिल स्वयंसेवकों ने घर-घर जाकर लोगों से मतदान की अपील की। स्वयंसेवकों ने देश बनेगा महान, जब होगा शत प्रतिशत मतदान, न जात पर न धर्म पर बटन दबेगा कर्म पर, बहकावे में कभी न आना सोच-समझकर बटन दबाना आदि नारे लगाकर लोगों को जागरूक किया।
कॉलेज के प्राचार्य डा. अजय मुरारी ने रैली को रवाना किया। उन्होंने कहा कि एक-एक वोट से मजबूत लोकतंत्र का निर्माण होता है। रैली का नेतृत्व कर रहीं कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. रजनी कुमारी ने भी संबोधित किया। आयोजन में हिमांशु, राहुल, विष्णु, मोहित, शीतल, डब्लू, अनीता, संजली, प्रिस आदि स्वयंसेवकों का योगदान रहा।
सबसे ऊपर वोट देने का अधिकार
संस, तिसरी: मतदाता जागरूकता अभियान के तहत बीडीओ सुनील प्रकाश के नेतृत्व में समाजसेवी, अंचल व ब्लॉककर्मियों ने शुक्रवार को स्कूल, बाजार व चौक-चौराहों में रैली निकालकर प्रचार प्रसार किया। तिसरी विद्यालय के बच्चों ने भी पोस्टर लेकर रोड शो किया। संदेश दिया कि सबसे ऊपर वोट देने का अधिकार है। बीडीओ ने कहा कि सोमवार से युद्ध स्तर पर मोटरसाइकिल रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। मौके पर जेई अशोक भार्गव, अभिजीत साहू, विक्की सिन्हा, प्रमोद सिंह, किशोरी साव, विनय सिंह, निरंजन कुमार राय आदि थे।