यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 27, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
गिरिडीह में दो समुदायों में हिंसक झड़प, फायरिंग; तनाव
गिरिडीह के पचंबा में दो समुदाओं में हिंसक झड़प और पुलिस फायरिंग में दो लोग गंभीर घायल हो गए।

जागरण संवाददाता, गिरिडीह। शहर की उपनगरी पचंबा में शनिवार देर रात भगवान श्री गणेश की प्रतिमा विसर्जन के दौरान सांप्रदायिक हिंसा भड़क गई। दोनों पक्षों की ओर से जमकर पथराव और फायरिंग हुई, जिसमें दो लोगों को गोली लगी है। जिनकी स्थिति गंभीर है। सूचना मिलते ही उपायुक्त उमाशंकर सिंह, पुलिस अधीक्षक अखिलेश बी वारियर दलबल के साथ पहुंचे। जवानों ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर कर दिया।
उपायुक्त ने कहा कि उपद्रवियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। जानकारी के अनुसार हंडाडीह से भगवान गणेश की प्रतिमा विसर्जन के लिए जुलूस निकला था। पचंबा स्थित मस्जिद में लोग नमाज पढ़ रहे थे। जुलूस जब मस्जिद के पास पहुंचा तो दोनों ओर से नारेबाजी होने लगी। देखते ही देखते तनाव बढ़ गया और लोग आपस में भिड़ गए। इसके बाद पथराव होने लगा। इसी बीच फाय¨रग होने लगी। पथराव में भी एक व्यक्ति घायल हुआ।
घायलों में परवेज, अमर कुमार और नितेश कुमार शामिल हैं। इनमें परवेज को कमर और अमर को पैर में गोली लगी है। नितेश का सिर फट गया है। तीनों घायलों को तत्काल सदर अस्पताल लाया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने परवेज व अमर को धनबाद रेफर कर दिया। समाचार संप्रेषण तक घटनास्थल पर अधिकारी जवान तैनात थे। कोट पचंबा में स्थिति नियंत्रण में है। घटना की सूचना मिलते ही तुरंत अधिकारियों की टीम पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।
पचंबा में सुरक्षा का जबरदस्त प्रबंध। डीसी उमाशंकर सिंह, एसपी अखिलेश बी वारियर समेत सभी आला अधिकारी अभी भी हैं मौके पर तैनात। वज्र वाहन मंगाया गया है। इस मामले में डीसी एवं एसपी के नेतृत्व में पुलिस ने रातभर चलाया छापामारी अभियान। 30 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
उपद्रवियों को बख्शा नहीं जाएगा। घटना के जिम्मेवार तत्वों पर कार्रवाई होगी। विधि व्यवस्था से खिलवाड़ करने की छूट किसी को नहीं दी जाएगी।
-उमाशंकर सिंह, उपायुक्त, गिरिडीह
---
स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है। उपद्रवियों ने पथराव और फाय¨रग भी की है। पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों और जवानों ने मुस्तैदी से मोर्चा संभालते हुए माहौल को शांत कराया। हिंसा भड़काने वाले अराजक तत्वों से सख्ती से निपटा जाएगा। इसके लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।
-अखिलेश बी वारियर, पुलिस अधीक्षक, गिरिडीह
---
यह भी पढ़ेंः रांची स्टेशन पर डेरा प्रमुख समर्थकों ने चोपन एक्सप्रेस में लगाई आग
यह भी पढ़ेंः नक्सलियों के गढ़ में एसपी-डीएसपी को 14 घंटे तक बनाया बंधक
