विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

VB-G RAM G: झारखंड के मजदूरों के लिए खुशखबरी, ₹18 बढ़कर ₹300 हुई दैनिक मजदूरी

Published: Fri, 03 Jul 2026 08:01 PM (IST)

झारखंड में मनरेगा मजदूरों के लिए खुशखबरी है, उनकी दैनिक मजदूरी ₹18 बढ़कर ₹300 हो गई है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. मनरेगा मजदूरों की दैनिक मजदूरी ₹18 बढ़कर ₹300 हुई।

  2. झारखंड में अब 25 दिन अतिरिक्त काम की गारंटी।

  3. मजदूरी वृद्धि से आर्थिक स्थिति सुधरेगी, पलायन रुकेगा।

संवाद सहयोगी, हीरोडीह (गिरिडीह)। ग्रामीण मजदूरों के लिए वीबी जी राम जी खुशखबरी लेकर आया है। अब न सिर्फ मनरेगा से 25 दिन ज्यादा काम की गारंटी होगी बल्कि पहले से 18 रुपये अधिक मजदूरी भी मिलेगी।

30 जून तक मनरेगा में झारखंड के मजदूरों को 282 रुपये प्रतिदिन की मजदूरी मिलती थी। अब इसे बढ़ा कर 300 रुपये कर दिया गया है। माना जाता है कि मजदूरी और काम के दिनों की गारंटी में वृद्धि का सीधा लाभ मजदूरों को मिलेगा।

इससे न सिर्फ मजदूरों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी बल्कि पलायन पर अंकुश लगेगा तथा जिले की अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी। ग्रामीण विकास मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक योजना में अकुशल हस्त कर्मकारों के लिए राज्यवार मजदूरी दर का निर्धारण किया गया है।

झारखंड में मजदूरों को प्रतिदिन 300 रुपये मजदूरी दी जाएगी। सर्वाधिक मजदूरी की बात की जाए तो सिक्किम की तीन ग्राम पंचायत ज्ञानचंग, लचुन और लाचेन में 450 रुपये मजदूरी मिलेगी।

इसके बाद 409 रुपये हरियाणा, 406 रुपये गोवा तथा 401 रुपये केरल के कामगारों के खाते में मजदूरी जाएगी। सबसे कम मजदूरी की बात की जाए तो यह झारखंड, बिहार, बंगाल, यूपी सहित देश के 21 राज्यों के लिए 300 रुपये अधिसूचित की गई है।

यह भी पढ़ें- गोड्डा समेत पूरे सूबे में जी रामजी की भेंट चढ़ा 'बिरसा हरित क्रांति योजना', इस बार नहीं हो पाएगा पौधारोपण

यह भी पढ़ें- मनरेगा की जगह वीबी जी रामजी योजना आज से लागू, चतरा में 318 योजनाएं लिस्टेड