यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 22, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
एशिया-साउथ अफ्रीका प्रशिक्षण में गिरिडीह की सुमन दूसरे स्थान पर
गिरिडीह ग्रामीण क्षेत्रों में मल-कीचड़ प्रबंधन विषय पर आयोजित अफ्रीका-साउथ एशिया आनलाइन क

गिरिडीह : ग्रामीण क्षेत्रों में मल-कीचड़ प्रबंधन विषय पर आयोजित अफ्रीका-साउथ एशिया आनलाइन कानक्लेव एंड ट्रेनिग में गिरिडीह का डंका बजा है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत गिरिडीह में कार्यरत जिला परामर्शी सुमन कुमारी को दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है। टाप फाइव में धनबाद के भी जिला परामर्शी शामिल हैं। प्रशिक्षण के दौरान दिए गए कार्यों को समय पर करने और बेहतर प्रदर्शन के कारण सुमन का चयन दूसरे स्थान पर किया गया है।
25 देशों के 100 प्रतिभागियों ने लिया भाग : सेंटर फार साइंस एंड इंवायरेनमेंट नई दिल्ली की ओर से हुए प्रशिक्षण में भारत के अलावा बांग्लादेश, फिजी, अफ्रीका, इथोपिया सहित करीब 25 देशों के सौ प्रतिभागियों ने भाग लिया था। सभी प्रतिभागी अपने-अपने देश में पेयजल एवं स्वच्छता पर काम कर रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान सीएसई की डायरेक्टर जनरल सुनीता नारायण, इंवायरेनमेंटल हेल्थ, सैनिटेशन एंड हाईजीन सेक्शन मिनिस्ट्री आफ हेल्थ, कम्युनिटी डेवलपमेंट तंजानिया के असिस्टेंट डायरेक्टर खालिद मस्सा, यूनिसेफ के वाटर, सैनिटेशन एंड हाईजीन विशेषज्ञ सुजोय मजूमदार, मलेशिया के इंटरनेशनल एफएसएम कंसल्टेंट दोराई नारायण ने जूम मीटिग में जानकारियां दीं। वाट्सएप एक्सपर्ट सेशन व वीडियो क्लिप से ग्रामीण क्षेत्रों में मल-कीचड़ प्रबंधन, शौचालय का रख-रखाव, ठोस एवं तरल कचरा का प्रबंधन, ग्रामीण क्षेत्रों में आसान एवं उपयोगी शौचालय निर्माण तकनीक, शौचालय तक पानी की पहुंच पर विस्तार से बताया।
रोज होता था क्विज : सुमन ने बताया कि प्रतिदिन अध्ययन करना था। अध्ययन के बाद किसी एक विषय पर क्विज होता था। उसमें भाग लेना था। सभी विषयों का प्रशिक्षण समाप्त होने पर फीडबैक फार्म एवं असाइनमेंट 15 सितंबर तक जमा करना था। सभी कार्यों का निष्पादन समय पर किया। प्रशिक्षण में उनका अच्छा प्रदर्शन रहा, जिस कारण टाप फाइव में दूसरे स्थान पर आ सकी। सभी विजेता प्रतिभागियों को सेंटर फार साइंस एंड इंवायरेनमेंट की ओर से प्रकाशित पत्रिका डाउन टु अर्थ का एक साल के लिए सब्सक्रिप्शन दिया जाएगा।
इधर, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल-दो के कार्यपालक अभियंता मुकेश कुमार मंडल ने इस उपलब्धि पर सुमन को बधाई दी है। कहा कि सुमन ने पूरे झारखंड का मान बढ़ाया है।
