घर पर गिरी पेड़ की डाली, बाल-बाल बचे लोग
तिसरी (गिरिडीह) प्रखंड अंतर्गत बाघमारी में एक गरीब परिवार के खपरैल घर पर रविवार श
तिसरी (गिरिडीह) : प्रखंड अंतर्गत बाघमारी में एक गरीब परिवार के खपरैल घर पर रविवार शाम आम के पेड़ की विशाल डाली गिर गई। इससे आधा दर्जन परिवार बाल-बाल बच गए। घर व दरवाजे पर गिरी डाली को काटकर कमरे से पांच लोगों को बाहर निकाला गया। तीन कमरों के टूटे-फूटे घर में बारह सदस्य रहते हैं।
घर में बूढ़ी मां निरिया देवी व उनके तीन पुत्र का परिवार रहता है। कुल बारह सदस्य उसमें रहने को मजबूर हैं। बड़ा भाई बीरेंद्र कोलकाता में मजदूरी करता था। जो लॉकडाउन में घर आ गया। दोनों भाई विजय यादव व मनोज यादव भी घर में ही रहकर खेती व मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं रहने के कारण पिता के बनाए उस खपरैल मकान में ही वे सभी रहने को विवश हैं। घर में पानी रिसने के कारण ऊपर से प्लास्टिक से ढक दिया गया है।
बीरेंद्र की पत्नी ललिता देवी ने कहा कि वह किसी तरह से इस घर के एक कमरे में अपने तीन बच्चों व पति के साथ रह रही थी। घर पर पेड़ की विशाल डाली तेज बारिश व हवा के झोंके के कारण टूटकर गिरने से वह क्षतिग्रस्त हो गया। पति घर में बैठे हैं और आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है, जिस कारण घर की मरम्मत नहीं करा पा रहे हैं।
लॉकडाउन में सरकार से कोई लाभ नहीं मिला है। राशन कार्ड नहीं है। गरीबी रेखा में नाम नहीं रहने के कारण सरकारी आवास नहीं मिल रहा है। घर क्षतिग्रस्त होने से गांव में पड़ोसी के घर में रहने का जुगाड़ कर रहे हैं। मुखिया मीना देवी ने कहा कि वह बहुत ही गरीब परिवार से है। बीडीओ से बात कर उसे आंबेडकर भवन दिलाने का प्रयास किया जाएगा।