छह साइबर आरोपित गिरफ्तार, सरगना फरार
गिरिडीह साइबर अपराध के माध्यम से लोगों से ठगी करने वाला साइबर गिरोह के विरूद्ध पुलिस ट
गिरिडीह : साइबर अपराध के माध्यम से लोगों से ठगी करने वाला साइबर गिरोह के विरूद्ध पुलिस टीम को बडी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने साइबर डीएसपी संदीप सुमन समदर्शी के नेतृत्व में छापेमारी कर गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। हालांकि गिरोह का सरगना फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपितों में बेंगाबाद थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव निवासी प्रवीण मंडल, बांसजोर निवासी संजय मंडल, सुनील मंडल, कदमाटोल निवासी कुलदीप पंडित, जरूवाडीह डाकबंगला निवासी दिलीप कुमार व देवघर जिला के मधुपुर थाना क्षेत्र के दुलमपुर निवासी मो. मुख्तार अंसारी शामिल हैं, जबकि गिरोह का संचालनकर्ता मास्टर माइंड मो. हाफिज उर्फ हाफिज मुखिया पुलिस के आने की भनक लगते ही घर से फरार हो गया। हाफिज गांडेय प्रखंड के भाटपुर पंचायत की मुखिया का पति है। उसने साइबर अपराध का प्रशिक्षण दिल्ली में प्राप्त किया है।
आरोपितों के पास से कई मोबाइल के अलावा अन्य सामान भी बरामद हुए हैं। इससे साइबर ठगी की घटना को अंजाम दिया जाता था। पुलिस ने बरामद मोबाइल को खंगालने के बाद फर्जी बैंक अधिकारी बनकर करोड रुपये से अधिक की ठगी करने का भी खुलासा किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया, जहां से न्यायालय के आदेश पर सभी को जेल भेज दिया गया। प्रेसवार्ता में साइबर डीएसपी ने गिरफ्तार आरोपितों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।