विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 04, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पति ने पीट-पीटकर कर दी 12वीं पत्नी की हत्या, पहले भी मारकर 11 बीवियों को भगा चुका है घर से, गिरफ्तार

By Sandip BarnwalEdited By: Arijita Sen
Published: Tue, 04 Apr 2023 02:28 PM (GMT+05:30)

रामचंद्र तूरी इससे पहले 11 शादियां कर चुका है और सावित्री देवी उसकी 12वीं पत्‍नी है। सावित्री शराब पीने से उसे मना करती थी और यह रामचंद्र को पसंद नहीं था और आखिरकार उसने अपनी बीवी की पीट-पीटकर हत्‍या कर दी।

रामचंद्र तूरी ने अपनी 12वीं पत्नी सावित्री देवी की हत्‍या कर दी है।
रामचंद्र तूरी ने अपनी 12वीं पत्नी सावित्री देवी की हत्‍या कर दी है।

संवाद सहयोगी, गावां (गिरिडीह)। झारखंड के गिरिडीह जिले के गावां थाना क्षेत्र के जमडार अंतर्गत तारापुर गांव में शराबी पति रामचंद्र तूरी ने अपनी 12वीं पत्नी सावित्री देवी को शराब पीने से मना करने पर लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी है। पति के वहशीपन से स्थानीय ग्रामीण भी गुस्‍से में हैं। गावां पुलिस मौके पर पहुंची और पति को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। पत्नी के शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेज दिया है। आरोपित रामचंद्र ने इसके पूर्व ग्यारह शादी की थी। सभी के साथ मारपीट कर उसे घर छोड़ने के विवश कर चुका था।

पत्‍नी के टोकने की आदत से था परेशान

गावां के जमडार पंचायत अंतर्गत तारापुर गांव निवासी 58 वर्षीय रामचन्द्र तुरी ने अपनी 40 वर्षीय पत्नी सावित्री देवी की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या की है। सिर्फ इसलिए कि उसे वह शराब पीने से बराबर मना करती थी। इस बात लेकर पहले भी आपस में विवाद हुआ था। तुरी रविवार की रात शराब पी रहा था। इस दौरान उसकी पत्नी ने मना किया तो वह भड़क गया। दोनों में झगड़ा हो गया और बात इतनी आगे बढ़ गई कि दोनों आपस में मारपीट करने लगे। पति ने पत्नी को पकड़ कर लकड़ी के खंभे में पटक दिया।

पहले 11 शादियां कर चुका है रामचंद्र

पत्‍नी जमीन पर गिर गई तो वह उसे लाठी-डंडे से तब तक पत्नी को पीटता रहा, जब तक उसकी मौत नही हो गई। सावित्री देवी रामचंद्र तुरी की बारहवीं पत्नी थी। इससे पूर्व रामचंद्र ने 11 शादी की थी, परंतु इसके शराब पीने की लत व पत्नी के साथ मारपीट करने के कारण सब एक के बाद एक घर छोड़कर चली गईं। ग्रामीणों ने बताया कि अंतिम शादी रामचंद्र ने सावित्री देवी से की। दोनों 20 साल से साथ में रह रहे थे। वह अकसर अपनी बीवी के संग मारपीट करते रहता था।

बच्‍चों की गैर मौजूदगी में की पत्‍नी की हत्‍या

रविवार की रात गांव में शादी थी। शादी देखने उसके तीनों बच्चे 17 वर्षीय नकुल तुरी, 14 वर्षीय सरिता कुमारी व 11 वर्षीय राजेन्द्र तुरी चले गए थे जबकि बड़ा बेटा राजकुमार तुरी हैदराबाद में रहकर मजदूरी करता है। इसी दौरान रामचंद्र ने पत्नी से विवाद के बाद उसकी हत्या कर दी।

बच्चे जब देर रात लौटकर आए तो देखा कि मां मृत पड़ी हुई है। उसके शरीर में जख्म के निशान हैं। रामचन्द्र तुरी के चेहरे व कान में खून के निशान लगे हुए थे। मां को मृत देख बच्चे सदमे में आ गए और रात भर शव के पास पड़े रहे। उसका पिता भी घर में ही बैठा रहा। सुबह उठकर बच्चों ने इसकी जानकारी गांववालों को दी। निर्दयी पति के इस कृत्य के प्रति गांववालों में भी आक्रोश है।

बीवियों के साथ मापीट करने की है पुरानी आदत

ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें सोमवार सुबह जानकारी मिली कि रामचंद्र तुरी ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। वार्ड सदस्य विनय कुमार साव ने कहा कि रामचंद्र तुरी पहले भी एक-एक कर ग्यारह शादी कर चुका है और उसकी हर बार की यही कहानी है।

वह बीवियों के साथ मारपीट करता है और आखिर में उन्‍हें छोड़ देता है। इस बार शराब पीने का विरोध करने पर उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। गावां पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेज दिया। हत्यारे पति को भी गिरफ्तार कर लिया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।