आरोपित को उठाने पहुंची साइबर पुलिस के साथ ग्रामीणों ने की हाथापाई
संवाद सहयोगी अहिल्यापुर(गिरिडीह) डीजीपी के निर्देश के बाद साइबर अपराधियों पर पुलिस लगा
संवाद सहयोगी, अहिल्यापुर(गिरिडीह) : डीजीपी के निर्देश के बाद साइबर अपराधियों पर पुलिस लगातर अंकुश लगाने का काम कर रही है। छापेमारी के दौरान कई बार पुलिस को ग्रामीणों के विरोध का सामना भी करना पड़ रहा है। इसी कड़ी में दो दिन पूर्व 11 अक्टूबर की रात 9 बजे गिरिडीह साइबर थाना की पुलिस अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के पंदनियां पहुंची। यहां उन्होंने कैलाश मंडल के घर के भीतर घुस उसे पकड़कर अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस व ग्रामीणों में हाथापाई की घटना हुई। ग्रामीणों के आक्रामक विरोध के बाद पुलिस उसके चचेरे भाई गोविद सिंह मंडल को उठाकर अपने साथ ले गई। फिलहाल पुलिस उसे हिरासत में रखकर पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार गिरिडीह साइबर थाने के चार पुलिस पदाधिकारी गुप्त सूचना पर सादे लिबास में छापेमारी करने पंदनियां पहुंची थी। यहां वह साइबर का आरोपित कैलाश मंडल को दबोचने पहुंची थी। घर का मुख्य गेट खुला देख पुलिस ने घर के अंदर घुसकर पूछा कि कैलाश मंडल कौन है। इस पर एक युवक घर के अंदर से निकला तो पुलिस ने उसका हाथ पकड़कर साथ चलने को कहा। इस पर कैलाश ने इसका विरोध कर दिया। इस दौरान लगभग आधे घंटे तक पुलिस व परिजनों के बीच नोकझोंक हुई। वहीं पुलिस के साथ हाथापाई भी की गई। शोर सुनकर कैलाश का चचेरा भाई वहां पहुंचकर गिरफ्तारी के खिलाफ हस्तक्षेप करने लगा। इसपर पुलिस कैलाश को छोड़ गोविद को अपने साथ उठाकर साइबर थाना ले गई। बता दें कि कैलाश डेढ़ वर्ष पूर्व साइबर मामले में जेल जा चुका है। इधर अहिल्यापुर थाना प्रभारी श्रीकांत ओझा ने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं है। साइबर पुलिस ने स्थानीय थाना को इस संबंध में कोई सूचना नहीं दी है। घटना की सत्यता की पुष्टि साइबर थाना की ओर से ही हो पाएगी।