ससुरालवालों ने दुधमुंहे को जहर पिलाकर किया हत्या का प्रयास
गिरिडीह शादी का सपना दिखाकर यौन शोषण करते हुए बिन ब्याहे पहले मां बना दिया और अब क
गिरिडीह : शादी का सपना दिखाकर यौन शोषण करते हुए बिन ब्याहे पहले मां बना दिया और अब कथित ससुरालवालों ने दुधमुंहे को कीटनाशक पिलाकर हत्या का प्रयास किया। इसकी जानकारी होने पर महिला ने गुरुवार को अपने पुत्र को इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल में भर्ती कराया। यहां बच्चा जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। मामला गिरिडीह के पीरटांड़ थाना अंतर्गत हरकटवा धावाटांड़ गांव का है।
पीड़िता ने बताया कि गांव का ही एक युवक प्रेमजाल में फांसने के बाद शादी का प्रलोभन देकर उसका यौन शोषण करना शुरू कर दिया। जब भी मौका मिलता युवक उसके साथ गलत काम करता था। विरोध करने पर वह हर बार शादी कर लेने की बात कहता था। इसी बीच वह गर्भवती हो गई। इसके बाद उसने युवक से शादी करने की बात कही तो युवक ने उसके पेट में पल रहे बच्चे को किसी और का बताते हुए उसे अपनाने से इंकार कर दिया। पीड़िता ने बताया कि मामले को ले पंचायती हुई और इंसाफ के लिए पुलिस के पास जाने की बात आई तो युवक शादी किए बगैर उसे अपने घर ले गया। कुछ दिनों तक तो सब कुछ ठीक रहा, इसके बाद युवक किसी को कुछ बताए बगैर करीब सात माह पूर्व घर छोड़ कर फरार हो गया। युवक कहां गया उसे इसकी जानकारी नहीं है। ससुरालवाले भी उसके बारे में कुछ नहीं बताते हैं। बताया कि छह माह पूर्व उसने पुत्र को जन्म दिया। किसी तरह स्वजनों की मदद से वह पुत्र की परवरिश करते हुए पति की भी तलाश में जुटी हुई है। इसी बीच गुरुवार की सुबह में वह अपनी ससुराल स्थित गोहाल में गोबर आदि की सफाई कर रही थी, तभी पुत्र के रोने की आवाज सुनकर वह उसके पास गई। पुत्र उल्टी करने के बाद रो रहा था। उसके मुह से झाग जैसा निकल रहा था और काफी दुर्गध आ रहा था। मामला उसे समझते देर नहीं लगा। ससुराल में सास, ससुर व दो ननद के अलावा और कोई नहीं था। पुत्र को कीटनाशक किसने पिलाया यह बात उसने सभी से पूछा, लेकिन किसी ने नाम नहीं लिया और न ही किसी ने उसकी कोई मदद की। आनन-फानन में वह पुत्र को लेकर मायके गई और मां के साथ पुत्र को ले कर अस्पताल पहुंची है। महिला ने संदेह व्यक्त करते हुए कहा है कि उसके पुत्र को ससुराल वालों ने ही कीटनाशक पिला दिया होगा। खबर लिखे जाने तक मामले की जानकारी पुलिस को नहीं दी गई थी।