झारखंड में स्कूल जा रही सातवीं की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म
नाबालिग आदिवासी छात्रा के साथ दो युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता ने थाने में मामले की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
गिरिडीह, जागरण संवाददाता। सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली एक नाबालिग आदिवासी छात्रा के साथ सोमवार को दो युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता ने थाने में मामले की प्राथमिकी दर्ज कराई है। घटना तिसरी थाना क्षेत्र(गिरिडीह, झारखंड) की है।
बताया गया है कि सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे छात्रा स्कूल जा रही थी। इसी बीच, दोनों युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। छात्रा ने बताया कि गम्हरियाटांड़ में विजय बरनवाल के ढिबरा गोदाम के पीछे पुराना तालाब के पास झाड़ी में छिपे दो अज्ञात युवकों ने उसे सुबह स्कूल जाते समय पकड़ लिया और चाकू का भय दिखाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। अपराधियों ने घटना के बारे में किसी को बताने पर जान मार देने की धमकी दी। छात्रा ने बताया कि घटना के बाद वह वापस घर चली गई। मां ने उसके जल्दी घर आने का कारण पूछा तो उसने सारी बात बता दी।
इसी बीच, सीडब्ल्यूएस संस्था की कर्मी बबीता देवी गांव में महिलाओं के साथ बैठक करने आई। पीड़िता उसे आपबीती सुना फूट-फूटकर रोने लगी। यह खबर आदिवासी समाज में आग की तरह फैल गई। शाम में पीड़िता संस्था कर्मी, माता-पिता और समाज के लोगों के साथ थाना गई और आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई। तिसरी पुलिस ने मामला दर्ज कर पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए महिला पुलिस के साथ गिरिडीह भेज दिया। पुलिस इंस्पेक्टर कुलदीप राम ने कहा कि घटनास्थल पर जांच की गई है। आरोपितों की तलाश की जा रही है। वहीं, इस घटना से आदिवासी समाज के लोगों में गुस्सा है। लोग आरोपितों को शीघ्र गिरफ्तार करने और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।