कोयला लदे वाहन की टक्कर से महिला घायल, रोड जाम
सोमवार को जमुआ-खोरीमहुआ पथ पर चादगर के पास कोयला लदे एक ट्रक की टक्कर से गांव की कुंती देवी (55) घायल हो गई।
संस, खोरीमहुआ (गिरिडीह): खोरीमहुआ चौक से महज ढाई सौ गज की दूरी पर चादगर के पास सोमवार को कोयला लदे एक बारह चक्का ट्रक के धक्के से गांव की ही कुंती देवी (55) गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने इलाज के लिए उसे रेफरल अस्पताल राजधनवार में भर्ती कराया, जहां से उसे रांची रेफर कर दिया गया। उसके माथे, हाथ व कमर में गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद चादगर से चौक तक अफरातफरी मची रही। करीब डेढ़ घंटे तक रोड जाम रहा। मौके पर पहुंची धनवार थाने की पुलिस ने ग्रामीणों से वार्ता कर ट्रक को जब्त कर लिया।
जानकारी के अनुसार शनिचर मंडल की पत्नी कुंती देवी सुबह लगभग नौ बजे मेन रोड स्थित अपने आवास से पुराने घर जा रही थी। इसी बीच सड़क पार करने के दौरान जमुआ की ओर से आ रहे कोयला लड़े ट्रक ने महिला को टक्कर मार दी। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक तथा उप चालक को अपने कब्जे में लेकर सड़क को जाम कर दिया। लोग पीड़िता को वाहन मालिक से समुचित इलाज कराने तथा प्रशासनिक स्तर पर सड़क पर बैरियर लगवाने की मांग करने लगे।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर पहल की तो ग्रामीण मान गए और जाम हटा लिया। हालांकि इस बीच मामला तब उलझ गया जब पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले चालक तथा उप चालक ग्रामीणों को चकमा देकर भाग निकले। समझौते के बाद ग्रामीणों ने चालक-उपचालक को पुलिस के हवाले करने पर असमर्थता जता दी। इसके बाद पूरा गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। आधे घंटे के अंतराल पर दर्जनों सैफ जवानों के साथ लगभग आधे दर्जन एएसआइ, थाना प्रभारी, एसडीपीओ, चालक और उप चालक को सकुशल बरामद करने के लिए घटनास्थल पर पहुंच गए। लगभग आधे घंटे तक ग्रामीण और पदाधिकारियों के बीच चालक और उप चालक को लेकर चली रगड़ पेंच और तरह-तरह के पुलिसिया सवाल से ग्रामीणों के पसीने छूट गए। वाहन मालिक के एक रिश्तेदार ने चालक और उप चालक के सकुशल घर पहुंच जाने की जानकारी दी, तब मामला शांत हुआ।