पेयजल के लिए ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
गिरिडीह बीते कई वर्षों से पेयजल समस्या से जूझ रहे नगर निगम अंतर्गत वार्ड नंबर 20 के कमरस
गिरिडीह : बीते कई वर्षों से पेयजल समस्या से जूझ रहे नगर निगम अंतर्गत वार्ड नंबर 20 के कमरसाली के ग्रामीणों के सब्र का बांध शनिवार को टूट गया। आक्रोशित ग्रामीण नगर निगम के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए सड़क जाम कर पानी की मांग करने लगे। लगभग चार घंटे के जाम में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। आजसू के कार्यकारी नगर अध्यक्ष अशोक रजक समेत स्थानीय लोगों ने बताया कि इस क्षेत्र में वर्षाें से पानी की समस्या विराजमान है। महिलाओं को दूर से पेयजल लाना पड़ता है। जल संकट के निदान को लेकर नगर निगम, विधायक, प्रशासन आदि को आवेदन दिया गया बावजूद अभी तक पानी की घोर किल्लत यहां जारी है। ग्रामीणों ने बताया कि तीन वर्ष पहले इस क्षेत्र में पेयजल के लिए पाइपलाइन बिछाई गई थी लेकिन पाइपलाइन सिर्फ शोभा की वस्तु बनकर रह गई है। उससे आज तक एक बूंद पानी भी किसी घर तक नहीं पहुंचा है। इधर सड़क जाम की सूचना मिलते ही नगर निगम के अर्बन मैनेजर मंजूर आलम, ठेकेदार सुमन राय और पचंबा थाना की पुलिस वहां पहुंची और धरना प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों को समझाते हटवाया। ग्रामीणों को आश्वासन दिया गया कि समस्या का निदान जल्द कर दिया जाएगा। आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीण सड़क पर से हट गए। कहा कि तीन-चार दिनों के अंदर अगर पेयजल समस्या का निदान नहीं हुआ तो ग्रामीण भूख हड़ताल पर बैठने को बाध्य होंगे। निगम के मैनेजर ने बताया कि निगम के स्तर से स्थानीय लोगों तक पानी पहुंचे इसके लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। बताया गया कि इस क्षेत्र को न्यू एरिया से जोड़े जाने के कारण फिलहाल यहां पानी की आपूर्ति पाइपलाइन के जरिए नहीं हो रही है। इस क्षेत्र में जल्द ही नया जलमीनार बनाया जाएगा। इसके लिए सरकार के पास प्रस्ताव भेज दिया गया है। बहुत जल्द योजना का प्रस्ताव पारित हो जाएगा। इसके बाद स्थानीय लोगों को भी नई जलापूर्ति योजना के तहत पाइप लाइन के जरिए पानी की सप्लाई की जाएगी। मौके पर वार्ड के पूर्व मुखिया दीपक दास, विकास शर्मा, अनिल शर्मा, राजेश शर्मा, सुरेश राय, ज्योति शर्मा, भवानी शर्मा, उर्मिला देवी, बंदनी देवी, दुलारी देवी, मिथुन राय, पूरन दास, रोहित राणा, विनोद राणा, सीता देवी, गीता देवी, सुमित्रा देवी, रजनी कुमारी, शांति देवी, मुद्रिका देवी समेत काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।