धनवार में पकड़ी गई डीलर की गड़बड़ी, निलंबित
प्रखंड के दाउदानगर में डीलर की मनमानी को लेकर कार्डधारियों द्वारा लगाए गए आरोप की जांच के बाद डीलर के विरुद्ध कार्रवाई के लिए उपायुक्त गिरिडीह को अनुशंसा के बाद जिला आपूर्ति शाखा द्वारा उक्त डीलर को निलंबित कर दिया गया है।
संस, धनवार : मनमानी और गड़बड़ी करने के आरोप में धनवार प्रखंड के दाउदा नगर के डीलर लाल बिहारी सिंह को निलंबित कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार उक्त द्वारा की जा रही मनमानी को ले कार्डधारियों ने शिकायत की थी। लोगों ने डीलर पर कम अनाज देने और कई माह से अनाज वितरण नहीं करने का आरोप लगाया था। शिकायत के आलोक में अनुमंडल पदाधिकारी खोरीमहुआ धीरेंद्र कुमार ने उक्त डीलर की दुकान का निरीक्षण किया था।
जांच के क्रम में एसडीओ ने कई अनियमितता पाई थी। माह जनवरी, फरवरी एवं मार्च का गेहूं प्राप्त होने के बावजूद कार्डधारियों के बीच इसका वितरण नहीं किया गया था। साथ ही डीलर ने गलत सूचना दी गई कि उसे गेहूं नहीं मिला है। इसकी पुष्टि सहायक गोदाम प्रबंधक एवं प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने की थी। जांच के दौरान दुकान में 86 बोरा चावल, 28 बोरा गेहूं उपलब्ध पाया गया था। इससे स्पष्ट था कि डीलर के पास विगत माह में गेहूं के साथ-साथ अप्रैल एवं मई माह का चावल व गेहूं गोदाम में उपलब्ध था, जबकि पूर्व माह के गेहूं और चावल को उसने बेच दिया था। अप्रैल एवं मई माह का खाद्यान्न उपलब्ध होने के बावजूद मात्र 6 कार्डधारियों के बीच ही अनाज का वितरण किया गया था। इस बात की भी पुष्टि हुई कि डीलर कार्ड धारियों को चावल निर्धारित मात्रा से कम दे रहा था। साथ ही दो-ढाई महीने से गेहूं का वितरण नहीं किया था। मुखिया ने भी उक्त डीलर द्वारा अनाज वितरण में की जा रही गड़बड़ी की पुष्टि की थी।
गड़बड़ियों एवं मनमानी को ले जिला आपूर्ति शाखा ने डीलर को निलंबित कर दिया है। साथ ही पिपराकोनी गांव के डीलर झरी नायक को कार्डधारियों को अनाज उपलब्ध कराने का आदेश दिया गया है।