पंचायत में निगम वसूल रहा टोल टैक्स
नगर निगम के ठेकेदार नगर निगम से बाहर पंचायत के इलाके में जाकर वाहनों से टोल टैक्स वसूल रहे हैं। यह सुनकर अप जरूर चौंक जाएंगे। अपको चौंकने की जरूरत नहीं है।
गिरिडीह: नगर निगम के ठेकेदार नगर निगम से बाहर पंचायत के इलाके में जाकर वाहनों से टोल टैक्स की वसूली कर रहे हैं। गिरिडीह-टुंडी मार्ग पर गादी श्रीरामपुर पंचायत के चतरो जाने के बाद आपको इसका दृश्य देखने को मिल जाएगा। दिन हो या रात करीब दर्जन भर से अधिक लफंगे लाठी-डंडे से लैस होकर बैरिकेडिग कर उस मार्ग पर गुजरने वाली लोहा व आयरन वोर लदी गाड़ियों से टोल टैक्स वसूलते नजर आ जाएंगे। ये कोई रंगदार नहीं हैं बल्कि नगर निगम के टोल टैक्स वसूलने वाले ठेकेदार के लोग हैं। यह अलग बात है कि वहां नगर निगम या टोल टैक्स का कोई बोर्ड नहीं लगा है। नगर निगम क्षेत्र से करीब छह किमी आगे यह पंचायत का क्षेत्र है। इस मामले में नगर निगम एवं मुफस्सिल थाना पुलिस की चुप्पी पर इलाके के लोग सवाल उठा रहे हैं।
------------------------ लोहा फैक्ट्रियों के लिए खोला गया अवैध वसूली केंद्र :
गिरिडीह की अधिसंख्य लौह फैक्ट्रियां निगम क्षेत्र से बाहर पंचायत क्षेत्र में है। निगम का क्षेत्र गिरिडीह-टुंडी मार्ग पर दुखहरण मंदिर मोड़ तक है। वहां के बाद ही अधिसंख्य लौह फैक्ट्रियां हैं। बाल मुकुंद, अतिवीर, वेंकटेश्वर, रुबी माइका, स्वाति, संतपुरिया, लाल स्टील जैसे दर्जनाधिक बड़ी-बड़ी फैक्ट्रियां निगम क्षेत्र के बाहर चतरो इलाके में है। इन फैक्ट्रियों में सैकड़ों गाड़ियों का रोज आना-जाना होता है। इन गाड़ियों से टोल टैक्स वसूली के लिए ही यह अवैध वसूली सेंटर खोला गया है। प्रतिदन हजारों रुपये की वसूली होती है।
------------------------ दुखहरण मंदिर मोड़ पर भी चल रहा टोल टैक्स:
गिरिडीह-टुंडी मार्ग पर ही दुखहरण मंदिर मोड़ के ठीक पहले भी टोल टैक्स सेंटर खुला हुआ है। यह निगम क्षेत्र के अंदर है। इसी मार्ग पर वहां से करीब छह किमी. दूर पंचायत क्षेत्र में जाकर अवैध सेंटर खोल दिया गया है। बड़े वाहनों से सवा सौ रुपये एवं छोटे वाहनों से 60 रुपये टोल टैक्स वसूली की जा रही है। शहर में इसके अलावा डुमरी मार्ग पर पपरवाटांड़, गांडेय मार्ग पर एफसीआई बेरगी, जमुआ मार्ग पर पचंबा एवं बेंगाबाद मार्ग पर गिरिडीह कॉलेज के पहले टोल टैक्स सेंटर खोला गया है।
------------------------ पूर्व नप अध्यक्ष दिनेश यादव के नाम आवंटित है टोल टैक्स :
नगर निगम ने शहर में टोल टैक्स का ठेका नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष दिनेश प्रसाद यादव के बड़े भाई अर्जुन यादव के नाम आवंटित किया है। दिनेश यादव झामुमो के केंद्रीय कमेटी के सदस्य थे। झामुमो से इस्तीफा देकर उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया है। अर्जुन यादव से इस संबंध में संपर्क नहीं हो पाया है। उनका काम देख रहे उनके छोटे भाई प्रेम यादव ने बताया कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। इस संबंध में वे अपने लोगों से बातचीत करेंगे।
------------------------ नगर निगम क्षेत्र से बाहर जाकर टोल टैक्स वसूली की इजाजत संवेदक को नहीं है। यदि वह ऐसा कर रहा है तो जांच कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सुनील पासवान, मेयर शर्तों का उल्लंघन करने पर बख्शा नहीं जाएगा। नगर निगम में किसी भी तरह के अवैध कार्यों को चलने नहीं दिया जाएगा। मामले की जांच होगी।
नगर आयुक्त गणेश कुमार
निगम के ठेकेदार खुलेआम रंगदारी वसूल रहे हैं। नगर निगम को अपने ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। ठेकेदार के लोगों को वे पहले ही ऐसा करने से मना कर चुकी हैं। निर्मला देवी, गादी श्रीरामपुर पंचायत, मुखिया