राशन का था इंतजार, अनाज खा गए कीड़े
संस बगोदर (गिरिडीह) देवराडीह पंचायत में प्रवासी मजदूरों सूखा अनाज चावल और दाल मिलने का
संस, बगोदर (गिरिडीह): देवराडीह पंचायत में प्रवासी मजदूरों सूखा अनाज चावल और दाल मिलने का इंतजार करते रह गए। उधर, अनाज को कीड़े खा गए, जो बचा-खुचा है भी वह खाने लायक नहीं है। मुखिया कैलाश महतो के घर में सूखा अनाज रखा हुआ था। बुधवार को कुछ प्रवासी मजदूरों ने मुखिया से अनाज मांगा। तब जो अनाज मजदूरों को दिया गया वह खाने लायक नहीं पाया गया। इस पर प्रवासी मजदूर मुखिया पर भड़क गए। प्रवासी मजदूर लीलधारी महतो ने बताया कि चावल में कीड़े रेंग रहे थे। जबकि चना और चना दाल खराब हो गया था। स्थानीय निवासी सह भाकपा माले के पूरन कुमार महतो ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान क्वारंटाइन हुए मजदूरों के लिए सूखा राशन वितरण के लिए मुखिया को तीन महीने पूर्व ही उपलब्ध कराया गया था, लेकिन मुखिया ने राशन का वितरण मजदूरों को नहीं कराया और उसे घर में ही रखे रह गए। उन्होंने मामले में दोषी मुखिया पर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। मुखिया कैलाश महतो बताया कि पंचायत में चार- पांच सौ प्रवासी मजदूर आऐ थे, लेकिन मजदूरों के हिसाब से सरकारी स्तर पर अनाज उपलब्ध नहीं कराया गया था। महज 70 पैकेट अनाज मिला था। कम अनाज होने के कारण मैंने मजदूरों से संपर्क कर उन्हें अनाज लेने को कहा था। कुछ मजदूरों ने अनाज ले लिया था और जो बच गया था वही खराब हो गया है।