विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रेमिका से शादी की जिद पर 14 घंटे टावर पर चढ़ा युवक, पोक्सो एक्ट में गिरफ्तार

By Rambijay Singh Edited By: Mritunjay Pathak
Published: Mon, 18 May 2026 10:54 PM (IST)

Giridih के बेंगाबाद में एक युवक प्रेमिका से शादी की जिद पर 14 घंटे तक मोबाइल टावर पर चढ़ा रहा। ...और पढ़ें

पुलिस की गिरफ्त में संयज रजक। (फोटोः जागरण)

पुलिस की गिरफ्त में संयज रजक। (फोटोः जागरण)

HighLights

  1. युवक 14 घंटे तक मोबाइल टावर पर चढ़ा रहा।

  2. प्रेमिका से शादी की जिद पर अड़ा था आरोपी।

  3. पोक्सो एक्ट के तहत पुलिस ने किया गिरफ्तार।

संस, जागरण, बेंगाबाद ( गिरिडीह)। प्रेमिका से शादी की जिद पर अड़ा एक प्रेमी मोबाइल टावर पर चढ़ कर घंटों हाई वोल्टेज ड्रामा करता रहा। उसे उतारने के लिए पुलिस प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी। अंत में प्रेमिका को टावर के पास बुलाकर 14 घंटे बाद उसे नीचे उतरा जा सका। टावर से उतरते ही उसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया ।

बताया कि मोतीलेदा पंचायत के लकठाई गांव निवासी संजय रजक का गिरिडीह की रहने वाली एक नाबालिग के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था । लेकिन लड़की शादी नहीं करना चाह रही थी। बावजूद युवक लड़की पर शादी के लिए दबाव बना रहा था।

इस बीच लड़की को बहला फुसलाकर कर अपना घर ले गया और वहां लड़की के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने बेंगाबाद थाना में आवेदन देकर युवक व अन्य के विरुद्ध मामला दर्ज कराया था । पुलिस आरोपित को गिरफ्तार करने में प्रयासरत थी।

इस बीच सोमवार की सुबह आरोपित युवक संजय रजक अपने घर से लगभग 200 मीटर की दूरी पर मोतिलेदा स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया और कई लोगों को फोन कर इसकी सूचना दी कि हम उक्त लड़की से प्रेम करते हैं और हम उसी से शादी करेंगे। उसी को लेकर हम पर केस दर्ज हुआ है। प्रशासन गिरफ्तार करने में जुटा है। इसलिए हमारी शादी उसी से कराई जाय और केस उठाया जाए। तभी हम नीचे उतरेंगे।

सूचना पर सीओ आमिर हम्जा, थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह , गांडेय प्रभारी अमीत चौधरी,एसआइ विजय मंडल,एसआइ रंधीर सिंह, एएसआइ अशोक कुमार सहित क्यूआरटी के जवान घटनास्थल पर पहुंचे और युवक से टावर से नीचे उतरने का आग्रह किया। लेकिन वह लोगों की बातों पर विश्वास नहीं कर रहा था।

उसका कहना था कि लड़की को मौके पर बुलाया जाए, तभी वह उतरेगा। उसे उतारने के लिए वहां हर वर्ग के लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। अंत में पुलिस टावर के पास से कुछ दूर हट गई और उसके कथित प्रेमिका को टावर के पास बुलाकर उसे नीचे उतरने के लिए कहा गया। जैसे ही वह नीचे उतरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया ।

थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह ने बताया कि वह पोक्सो एक्ट का आरोपित है । उसे टावर से उतारकर थाना लाया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है ।