विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गिरिडीह में हाथी का तांडव: दंपती पर हमला, पति की मौत और पत्नी गंभीर

Published: Wed, 23 Sep 2026 12:15 PM (IST)

Giridih Elephant Attack: पीरटांड़ में हाथियों के आतंक से एक दृष्टिबाधित व्यक्ति मंगरा मांझी की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी बड़की देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

झुंड से बिछड़ा हाथी और मृतक के स्वजन को मुआवजा देते वन विभाग के अधिकारी। (फोटो सौजन्य)

झुंड से बिछड़ा हाथी और मृतक के स्वजन को मुआवजा देते वन विभाग के अधिकारी। (फोटो सौजन्य)

HighLights

  1. पीरटांड़ में हाथी के हमले से दृष्टिबाधित व्यक्ति की मौत।

  2. पत्नी गंभीर रूप से घायल, बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर।

  3. वन विभाग ने ₹50,000 की अग्रिम मुआवजा राशि प्रदान की।

संवाद सहयोगी, पीरटांड(गिरिडीह)। झारखंड के गिरिडीह जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र के गांवों में हाथियों ने आतंक मचा रखा है। झुंड से कई हाथी बिछड़ गए हैं और गांवों में घुसकर जान-माल की हानि कर रहे हैं। 

झुंड से बिछड़े एक हाथी ने करीब 10 बजे एक दंपती पर हमला किया, जिसमें दृष्टिबाधित मंगरा मांझी की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी बड़की देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घायल बड़की देवी को प्राथमिक इलाज के बाद सदर अस्पताल गिरिडीह से बेहतर इलाज के लिए धनबाद भेजा गया है। वहीं हाथी ने इसके बाद उदयपुर गांव में भी एक महिला पर हमला कर उसे घायल कर दिया, जिनका इलाज गिरिडीह में चल रहा है।

परिजनों के अनुसार मंगरा मांझी दृष्टिबाधित थे। मंगलवार की रात करीब 10 बजे वह करमा अखाड़ा के लिए पत्नी बड़की देवी के साथ घर से निकले थे और मंझलाडीह जा रहे थे। इसी दौरान गांव के पास हाथी ने दोनों पर हमला कर दिया।

घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची और दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल गिरिडीह पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मंगरा मांझी को मृत घोषित कर दिया।

वन विभाग ने दी ₹50,000 की अग्रिम सहायता राशि

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हुई। सहायक वन संरक्षक के निर्देश पर विभागीय कर्मियों ने देर रात मृतक के परिजनों से मुलाकात कर ₹50,000 की अग्रिम मुआवजा राशि प्रदान की। वन विभाग के अनुसार, शेष ₹4 लाख की राशि निर्धारित प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज व सत्यापन पूरा होने के बाद दी जाएगी।

वहीं मृतक के आश्रित के नाम पर ₹5 लाख बैंक में फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) किए जाएंगे। इसके अलावा घायल बड़की देवी के इलाज एवं सहायता को लेकर भी विभागीय स्तर से कार्रवाई की जा रही है।

उदयपुर में महिला पर हाथी का हमला

इधर, भारती चलकरी पंचायत के उदयपुर गांव में बुधवार की सुबह हाथी ने कुंती देवी पर हमला कर दिया। हमले में वह घायल हो गईं, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल गिरिडीह में भर्ती कराया गया है। क्षेत्र में लगातार हाथियों की आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर उनके करीब न जाएं और उन्हें घेरने या भगाने का प्रयास न करें। किसी भी स्थिति में तत्काल वन विभाग को सूचित करें और विशेषकर रात के समय अकेले घर से बाहर निकलने से बचें।

यह भी पढ़ें- बिरनी में हाथियों के झुंड ने महिला को कुचलकर मार डाला, जंगल में मिला शव; झारखंड में बढ़ रहा मानव-हाथी संघर्ष

मानव-हाथी संघर्ष की घटनाओं को रोकने के लिए विभाग की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं। पिछले एक महीने से इसी क्षेत्र में घूम रहे हाथियों के झुंड से वन विभाग भी खासा परेशान है। वनपाल गौतम कुमार राय और रोहित पानूरी पूरी टीम के साथ हाथियों की निगरानी कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद हाथी लगातार नुकसान पहुंचा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- Dhanbad Elephant Attack: पलमा गांव में हाथियों ने मचाया उत्पात, घर तोड़े और फसल रौंदी; 70 हजार रुपये भी गुम