यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 02, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
एचडीएफसी बैंक के शाखा प्रबंधक पर गबन के आरोप में दर्ज हुआ मुकदमा... अब केस वापस लेने को बना रहा है दबाव
शहर के बक्सीडीह राेड निवासी आलोक कुमार ने मुकदमा वापस लेने का दबाव देने व नहीं लेने पर जान से ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, गिरिडीह : शहर के बक्सीडीह राेड निवासी आलोक कुमार ने मुकदमा वापस लेने का दबाव देने व नहीं पर जान से मारने की धमकी देने वाले के खिलाफ पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। कहा है कि मकतपुर के पंकज कुमार समेत एचडीएफसी बैंक के कैशियर उज्ज्वल सिंह, शाखा प्रबंधक रितेश झा व एक अन्य व्यक्ति रंधीर कुमार के खिलाफ 21 अगस्त 2021 को नगर थाने में एक प्राथमिकी उन्होंने दर्ज कराई थी।
इस प्राथमिकी में रेकरिंग व म्युचूयल फंड में जमा करने को दी गई राशि का गबन करने का आरोप लगाया गया है। इसी प्राथमिकी को वापस लेने का दबाव पंकज कुमार की ओर से दिया जा रहा है। प्राथमिकी वापस नहीं लेने पर मेरे अलावा मेरे परिवार के सदस्यों को जान से मारकर फेंक देने की धमकी दी जा रही है। प्राथमिकी में कहा है कि मेरी दुकान शारदा मेडिकल के नाम से बक्सीडीह रोड में है। पंकज अपने आप को एचडीएफसी बैंक का एजेंट बताकर वर्ष 2012 के अप्रैल माह में रेकरिंग व म्युचूयल फंड में इंवेस्टमेंट करने को कहा। एक हजार का रेकरिंग करवाया तो वह नियमित रूप से चल रहा था।
इसी बीच म्युचूयल फंड में भी पैसा जमा करने कहा तो विश्वास करते हुए एक-एक लाख का तीन चेक उसे दिया गया। बांड लाकर देने की बात पंकज ने कही थी। पंकज ने उक्त लोगाें के साथ मिलकर चेक से तीन लाख रुपये भूना कर हड़प लिया। इसमें उक्त सभी की सहभागिता रही है। राशि की ठगी हो जाने से आर्थिक व मानसिक रूप से मैं कमजोर हो गया हूं। ऐसे में आरोपितों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया जाए व जान माल की सुरक्षा की जाए।
बेंगाबाद में कोयला लदी आधा दर्जन बाइक जब्त
बेंगाबाद चतरो पथ पर छोटकी खरगडीहा के पास शुक्रवार सुबह बेंगाबाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान कोयला लदी आधा दर्जन बाइकों को जब्त किया गया। थाना प्रभारी को सूचना मिल रही थी कि इस मार्ग से बाइकों पर कोयला लादकर बिहार के सीमावर्ती क्षेत्र में बिक्री के लिए ले जाया जाता है। सूचना पर थाना प्रभारी एएसआइ विजय यादव के साथ उस मार्ग पर पहुंचे। इस बीच बाइकों में कोयला लादकर पारडीह की ओर ले जाया जा रहा था। हालांकि पुलिस पर नजर पड़ते ही सभी बाइक चालक अपनी बाइक को वहीं छोड़कर भाग निकले। बताया कि अवैध कोयला कारोबारियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।