गिरिडीह: जमीन विवाद में बुजुर्ग पर आधी रात को जानलेवा हमला, एक हमलावर को लोगों ने दबोचकर पुलिस को सौंपा
गिरिडीह में 75 वर्षीय मनजीत सिंह बग्गा पर आधी रात को भूमाफियाओं ने जानलेवा हमला कर घायल कर दिया। यह ...और पढ़ें

बुजुर्ग पर आधी रात को जानलेवा हमला (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
गिरिडीह में 75 वर्षीय बुजुर्ग मनजीत सिंह बग्गा पर जानलेवा हमला।
भूमाफियाओं ने पैतृक संपत्ति पर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया।
एक हमलावर सलीमउद्दीन अंसारी को लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा।
जागरण संवाददाता, गिरिडीह। नगर क्षेत्र के गांधी चौक के समीप रहने वाले करीब 75 वर्षीय बुजुर्ग मनजीत सिंह बग्गा के घर पर मंगलवार की आधी रात को हमला कर उन्हें घायल कर दिया गया। घायलावस्था में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह हमला कथित तौर पर भूमाफियाओं के गिरोह की ओर से जमीन व मकान कब्जा करने के मकसद से किए जाने की बात स्वजनों ने कही है।
एक व्यक्ति को खदेड़कर पकड़ा
इधर हमला करने के बाद हो हल्ला होने पर आसपास के लोगों के जुटने से वैसे ता सभी फरार हो गए लेकिन लोगों ने हमलावरों में से सलीमउद्दीन अंसारी नामक एक व्यक्ति को खदेड़कर पकड़ने में कामयाब रहे जिसे घटना की सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस पदाधिकारियों के हवाले कर दिया गया।
हमला करने वालों ने उनकी पत्नी व बहन का मोबाइल छीनने के बाद उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया था। इस मामले में निजी अस्पताल में गंभीर हालत में इलाज के भर्ती मनजीत सिंह बग्गा ने बताया कि गांधी चौक स्थित यादव होटल के बगल में उनका पुस्तैनी मकान है जो रिस्तेदारों से बंटवारे में उन्हें मिला है। वहां वे अपनी पत्नी व बहन के साथ लंबे समय से रहते आ रहे है।
गलत तरीके से बेची गई प्रॉपर्टी
उनके एक रिश्तेदार अजीत सिंह की ओर से उक्त प्रॉपर्टी को जमीन कारोबारी धर्मेंद्र शर्मा को गलत तरीके से बेच दिया गया है जिसे लेकर उच्च न्यायालय में मामला लंबित है। इसके बावजूद धर्मेंद्र शर्मा घर को खाली कराने के लिए हमेशा धमकी देते रहे है।

बताया कि सोमवार-मंगलवार की आधी रात को धर्मेंद्र शर्मा अपने लोगों के साथ उनके घर पहुंचे व दरवाजा खुलवाया। घर का दरवाजा जैसे ही खोला गया तो उक्त लोग जबरन अंदर घुस गए व जान मारने की नियत से रड से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसी बीच उनकी पत्नी जब बाहर रहने वाले अपने पुत्र को काल की तो मोबाइल छीनकर उन्हें कमरे में बंद कर दिया।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
हालांकि मां की चिल्लाने की आवाज मोबाइल पर सुनते ही पुत्र ने अपने दोस्तों को घर पर भेजा तो सभी हमलावर भागने लगे। इसी क्रम में लोगों ने सलीम उद्दीन नामक एक हमलावर को पकड़ लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी लेते हुए लोगों के कब्जे से सलीम उद्दीन को अपने कब्जे में लेकर थाना ले गई।
इधर इस मामले में थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने बताया कि साेमवार-मंगलवार की रात को घर में घुसकर हमला करते हुए घायल किया गया। घायल मनजीत के फर्द बयान पर धर्मेंद्र शर्मा, सुधीर शर्मा समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है जबकि आरोपित सलीम उद्दीन को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
