विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 19, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Jharkhand: दीपक प्रकाश का दावा- डरी हुई है हेमंत सरकार, लोकसभा से पहले कराना चाहती है विधानसभा चुनाव

By Jagran NewsEdited By: Mohit Tripathi
Published: Mon, 19 Jun 2023 05:59 PM (IST)Updated: Mon, 19 Jun 2023 06:03 PM (IST)

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार पूरी तरह डरी हुई है इसलिए वह लाेकसभा से ...और पढ़ें

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने झारखंड सरकार की नाकामियों को गिनाया, केंद्र सरकार की उपलब्धियों का किया बखान
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने झारखंड सरकार की नाकामियों को गिनाया, केंद्र सरकार की उपलब्धियों का किया बखान

जागरण संवाददाता, गिरिडीह: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि राज्य की हेमंत सरकार पूरी तरह डरी हुई है, इसलिए वह लाेकसभा से पहले विधानसभा चुनाव कराना चाहती है। झारखंड सरकार की नाकामियों को गिनाते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने केंद्र सरकार का जमकर बखान किया।

दीपक प्रकाश ने कहा कि एक सर्वे से राज्य सरकार को पता चला है कि 2024 के विधानसभा चुनाव में उसे भारी नुकसान होने वाला है। इसलिए सरकार लोकसभा से पहले विधानसभा चुनाव कराना चाहती है, क्योंकि लोकसभा चुनाव में माहौल पूरी तरह भाजपा के पक्ष में रहेगा और इसका असर विधानसभा चुनाव में भी पड़ेगा।

राज्य बीमार हो गया है

उन्होंने कहा कि राज्य बीमार हो गया है। इसे बीमार करने में हेमंत सोरेन जिम्मेदार हैं। जनता इससे निजात चाहती है। पांच लाख लोगों को नौकरी देने का दावा करने वाली हेमंत सरकार तीन साल के कार्यकाल में 513 लोगों को नौकरी दे पाई है।

जनता दिलाएगी हेमंत सोरेन को राजनीतिक संन्यास

वादों को याद दिलाते हुए दीपक प्रकाश ने कहा कि सरकार ने नौकरी नहीं देने पर बेरोजगार युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने या फिर राजनीतिक सन्यास ले लेने की बात कही थी। सरकार ने न तो बेरोजगारी भत्ता दिया और न ही राजनीति से संन्यास लिया। अब 2024 के चुनाव में जनता हेमंत सोरेन को राजनीतिक सन्यास लेने के लिए विवश करेगी।

झारखंड का हाल बेहाल

आंकड़ों की बात करते हुए उन्होंने कहा कि भारत की बेरोजगारी दर 7.4 फीसद है, जबकि झारखंड की बेरोजगारी दर 14.74 फीसद है। यहां कानून व्यवस्था भी पूरी तरह चौपट है। देश में प्रतिदिन 2.1 हत्याएं होती हैं, जबकि झारखंड में यह आंकड़ा प्रतिदिन 4.2 है।

राज्य में तेजी बढ़ रही लव जिहाज की घटनाएं 

दुष्कर्म और लवजिहाद की बढ़ती घटनाओं पर राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए दीपक प्रकाश ने कहा कि राज्य में साढ़े तीन साल में अब तक 6146 दुष्कर्म की घटनाएं हुई हैं। दुष्कर्म की शिकार सबसे अधिक आदिवासी, दलित और पिछड़े वर्ग की महिलाएं होती हैं। राज्य में लव जिहाद की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। इसमें झारखंड का तीसरा स्थान है।

सत्ताधारी दल ने बनाया भ्रष्टाचार का गिरोह

भ्रष्टाचार को लेकर हेमंत सरकार पर हमला बोलते हुए दीपक प्रकाश ने कहा कि सत्ताधारी दल ने भ्रष्टाचार करने का गिरोह बनाया है। साहेबगंज में स्टोन चिप्स की तस्करी में एक हजार करोड से अधिका का घोटाला होने के साक्ष्य मिल रहे हैं। दस हजार करोड़ रुपये से अधिक कोयला की तस्करी हुई है। सत्ताधारी दल एक-एक टन का हिसाब रखता है। शराब घोटाला में छत्तीसगढ़ और झारखंड का सीधा संबंध है। शराब घोटाला में राज्य को 25 हजार करोड़ से अधिक का नुकसान हुआ है।

सेना के कब्जे की जमीन के घोटाले को लेकर हमला बोलते हुए दीपक प्रकाश ने आरोप लगाया कि यहां सेना की जमीन को भी बेच दिया गया। इसमें भी सत्ताधारी दल का संबंध है। वोट लेने के लिए सरकार ने समाज और राज्य को तोड़ने का काम किया है। हेमंत सरकार में यदि थोड़ी सी भी हिम्मत और नैतिकता है तो निकाय चुनाव की तिथि घोषित करे। राज्य में ट्रांसफर-पोस्टिंग का गिरोह बन गया है। इससे कानून व्यवस्था बिगड़ी है।

मोदी सरकार की तारीफ में पढ़े कसीदे

उन्होंने कहा कि केंद्र में समग्र समाज के विकास की चिंता करने वाली सरकार है। मोदी सरकार सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए समर्पित है। मोदी सरकार के कार्यकाल में 3.5 करोड से अधिक आवास बनाए गए। 11 करोड़ से अधिक शौचालय बने। 18 करोड़ लोगों को आयुष्मान योजना का लाभ मिला। गरीबों को मुफ्त गैस सिलिंडर देकर महिलाओं को बीमारी से निजात दिलाई।

मोदी ने दुनिया में भारत का मान-सम्मान बढ़ाया है। जनता ने तय किया है कि फिर से एक बार मोदी सरकार बनानी है। एक सवाल के जवाब में प्रकाश ने कहा कि एयरपोट और रेल लाइन के लिए राज्य सरकार जमीन नहीं दे रही है।