गांडेय के प्रवासी मजदूर की तमिलनाडु में मौत, गांव में लाया गया शव, मातम
गांडेय (गिरिडीह) गांडेय के एक और प्रवासी मजदूर की मौत परदेश में हो गई। मृतक 20 वषी
गांडेय (गिरिडीह) : गांडेय के एक और प्रवासी मजदूर की मौत परदेश में हो गई। मृतक 20 वर्षीय अफजल हुसैन फुलजोरी पंचायत के पहरीडीह निवासी आसीन अंसारी का पुत्र था। दो दिन पूर्व इलाज के दौरान तमिलनाडु के एक अस्पताल में उसकी मौत हो गई थी। मृतक का शव तमिलनाडु से सोमवार देर शाम को पहरीडीह लाया गया। शव को देख गांव में मातम पसर गया। जानकारी के अनुसार अफजल कुछ दिन पूर्व काम के लिए तमिलनाडु गया था। वहां वह एक धागा फैक्ट्री में काम कर रहा था। दस दिन पूर्व अचानक उसके पेट में तेज दर्द शुरू हो गया। इस पर फैक्ट्री मालिक के सहयोग से उसके साथियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। जांच के बाद डाक्टर ने बताया कि धागा का डस्ट अंदर जाने से उसकी आंत आपस में चिपक गई है। उसकी जान बचाने के लिए डाक्टर ने उसका आपरेशन कर दिया। आपरेशन के एक दो दिन बाद ही उसकी मौत तबीयत बिगड़ने से हो गई।
शव को घर लाने में फैक्ट्री प्रबंधन ने पीछे खींचा हाथ : मृतक के स्वजन सुलेमान अंसारी ने बताया कि इलाज के दौरान मौत होने के बाद अफजल के शव को गांव भेजने में मोटी रकम का खर्च आ रहा था। इसे देखते हुए फैक्ट्री मालिक शव को गांव भेजने को तैयार नहीं था। इस पर स्थानीय मुखिया जुनाब मियां के सहयोग से व मृतक के स्वजनों ने कर्ज उठाकर लगभग 92 हजार रुपये में एंबुलेंस बुक कर शव को पहरीडीह लाया। बताया कि मृतक के परिवार की हालत काफी दयनीय है।