मौसी की शादी में जा रही बच्ची की सड़क हादसे में मौत
गांडेय के धोबिया मोड़ स्थित पेट्रोल पंप के समीप शनिवार सुबह लगभग दस बजे एक अनियंत्रित मारुति की चपेट में आने से चार वर्षीय बच्ची की मौत घटनास्थल पर उसकी मां के आंखों के सामने हो गई। मृतक खुशबू कुमारी मरगोमुंडा थाना क्षेत्र के छातापत्थर निवासी मुकेश हजाम की पुत्री थी। वहीं इसमें उसकी मां को हल्की चोटें आईं। सूचना मिलते ही गांडेय थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मृतक के परिजन भी सूचना पर वहां पहुंचे। घटना के बाद मारुति कार लेकर चालक फरार हो गया जिसका कोई पता नहीं चल पाया। परिजन अपनी सहमति से शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए। घटना के बाद से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था।
संवाद सहयोगी, गांडेय : गांडेय के धोबिया मोड़ स्थित पेट्रोल पंप के समीप शनिवार सुबह लगभग दस बजे एक अनियंत्रित मारुति की चपेट में आने से चार वर्षीय बच्ची खुशबू कुमारी की मौत घटनास्थल पर मां के आंखों के सामने हो गई। खुशबू देवघर जिला के मरगोमुंडा थाना क्षेत्र के छातापत्थर निवासी मुकेश हजाम की पुत्री थी। हादसे में बच्ची की मां को हल्की चोटें आई। सूचना मिलते ही गांडेय थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। परिजन भी सूचना पर वहां पहुंचे। घटना के बाद मारुति कार लेकर चालक फरार हो गया। परिजन अपनी सहमति से शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए। घटना के बाद से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था।
जानकारी के अनुसार खुशबू अपनी मौसी की शादी में शामिल होने के लिए मामा संतोष ठाकुर व मां के साथ बाइक पर सवार होकर गांडेय थाना क्षेत्र के बरमसिया वन गांव आ रही थी। खुशबू के मामा धोबियामोड़ स्थित पेट्रोल पंप के पास सड़क के किनारे अपनी बहन व भांजी को उतारकर पेट्रोल लेने चले गये। दोनों मां बेटी मिठाई लेने सड़क पार कर दूसरी ओर जा रही थी। इसी बीच एक अनियंत्रित मारुति कार ने बच्ची को अपनी चपेट में ले लिया। अचानक गाड़ी देखकर मां भी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई जिससे उसे भी हल्की चोट आई।
एक दिन बाद थी मौसी की शादी, माहौल हुआ गमगीन : बता दें कि खुशबू की मौसी की शादी 15 अप्रैल को होनेवाली है। उसी कार्यक्रम में मां व बेटी शामिल होने जा रही थी। घटना के बाद बच्ची के मामा घर एवं अपने घर के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया। शादी की खुशियों में गम का बादल समा गया। घटना से हर किसी की आंखें नम थीं। सभी ने तेज रफ्तार ने एक मासूम को लील लेने पर दु:ख जाहिर किया।
------------------------
बेंगाबाद व बगोदर में सड़क हादसा, सात घायल
संस, बेंगाबाद : अलग-अलग स्थानों पर शनिवार को हुई सड़क दुर्घटना में सात लोग घायल हो गए। सभी का इलाज अलग-अलग स्थानों पर कराया गया। पहली घटना शुक्रवार रात लगभग 11 बजे घटी। दुधीटांड़ निवासी कपिलदेव पांडेय, दामोदरडीह निवासी सुनील राय और सुधीर राणा बाइक से बेंगाबाद के एक व्यक्ति के घर से लौट रहे थे। इसी बीच बेंगाबाद चौक के पास विपरीत दिशा से आ रही एक स्कार्पियो की चपेट में आकर तीनों घायल हो गए। इसमें उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। घायलों का इलाज बेंगाबाद सरकारी अस्पताल में कराया गया। दूसरी घटना बेंगाबाद के फिटकोरिया मोड़ के पास शनिवार की दोपहर घटी। अंबाटांड़ निवासी कुलदीप यादव बाइक से बेंगाबाद से अपने घर लौट रहा था। इसी बीच उक्त स्थान पर उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। इसमें उनके माथे में गहरी चोट लगी। परिजनों ने इलाज के लिए उसे एक निजी नर्सिंग होम मे भर्ती कराया है। तीसरी घटना में फिटकोरिया गांव के तीन युवक गंभीर रुप से घायल हो गए। तीनों का इलाज बेंगाबाद के एक निजी क्लिनिक में चल रहा है। बताया जाता है कि फिटकोरिया के मो. इसराफिल, टिकल और इरफान बाइक पर सवार होकर स्थानीय एक जोरिया के पास शौच के लिए गए थे। वापस लौटने के दौरान गांव के पास ही बाइक अनियंत्रित हो गई जिससे तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
बगोदर : बगोदरडीह स्थित पेट्रोल पंप के पास शनिवार को एक मालवाहक ट्रक की चपेट में आ जाने से एक बाइक चालक गंभीर रुप से घायल हो गया। उसे ग्रामीणों ने इलाज के लिए बगोदर अस्पताल लाया। वहां गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया जहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के बरांय निवासी 40 वर्षीय बंधन महतो बाइक से बगोदर से बरांय जा रहा था कि यह घटना घट गई। पुलिस ने आरोपित ट्रक को जब्त कर लिया है जबकि उसका चालक फरार हो गया।