पीड़ित परिजनों ने घर जाने से किया इंकार, गए रिश्तेदारों के पास
पिपराटांड़ मामले में अब नया मामला सामने आ गया है।सुरेश मरंडी के परिजन पिपराटांड़ न जाकर अपने अपने रिश्तेदार के यहां चले गए हैं।वे स्वेक्षा से गये हैं।
पीरटांड़ : प्रखंड के पिपराटांड़ में सुरेश मरांडी की हुई हत्या के 15 दिन बीत जाने के बाद भी उसे परिजन डरे-सहमे हैं। दोनों पक्षों में समझौता हो जाने के बावजूद परिजन घर जाने को तैयार नहीं हैं। रविवार को परिजन घर न जाकर अपने-अपने रिश्तेदार के यहां चले गए। इस बाबत थाना प्रभारी अशोक प्रसाद ने बताया कि सुलह के बाद भी पीड़ित परिजन गांव जाने को तैयार नही थे। बीच का रास्ता निकालते हुए प्रशासन ने उन्हें अपने-अपने रिश्तेदार के यहां जाने की अनुमति दे दी। कुल 20 लोग जो पांच रिश्तेदारों के यहां स्वेच्छा से गए। सुरक्षा के ख्याल से वे लोग घर जाने को तैयार नहीं थे, जबकि सभी के घर की मरम्मत भी करा दी गई है।
बता दें कि उक्त गांव में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। इसे लेकर गत 4 जून को एक पक्ष के हीरालाल किस्कू की हत्या कर दी गई थी। गांव के सुरेश मरांडी समेत सात लोगों पर उसकी हत्या करने का आरोप लगा था। इसे लेकर थाना में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी। इधर, 13 जून को ग्रामीणों ने सुरेश मरांडी की भी हत्या कर दी। साथ ही उसके परिजनों के घरों में आग लगा दी। मृतक मरांडी के परिजन घटना के बाद घर छोड़कर पुलिस की अभिरक्षा में पंचायत भवन में रह रहे थे। 24 जून को प्रशासन ने गांव में बैठक कर दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया था। दोनों पक्षों ने मिल जुलकर रहने पर सहमति जताई थी। साथ ही सुरेश के परिजन भी गांव जाकर घर में रहने को तैयार हो गए थे।