झारखंड में गिरिडीह व कोडरमा समेत आठ लोकसभा सीटों से चुनाव लड़ेगी कांग्रेस
झारखंड प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी व झारखंड असंगठित मजदूर कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश ठाकुर के मुताबिक, कांग्रेस झारखंड की आठ लोकसभा सीटों से महागठबंधन के तहत चुनाव लड़ेगी।
जागरण संवाददाता, गिरिडीह। गिरिडीह व कोडरमा समेत झारखंड की आठ लोकसभा सीटों से महागठबंधन के तहत कांग्रेस चुनाव लड़ेगी। अन्य छह लोकसभा सीटों को कांग्रेस महागठबंधन के दूसरे दलों के लिए छोड़ सकती है। सूबे के कांग्रेसजनों ने यह राय बना ली है। यह बातें झारखंड प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी व झारखंड असंगठित मजदूर कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहीं। वे रविवार को कांग्रेस कार्यालय आए थे। यहां कार्यकर्ताओं के साथ मंथन किया।
उन्होंने बताया कि गिरिडीह व कोडरमा में लंबे समय तक कांग्रेस के सांसद रहे हैं। कांग्रेस ने इन सीटों पर कमबैक किया है। इसलिए कांग्रेस की दावेदारी स्वाभाविक है। कोडरमा से झाविमो प्रमुख बाबूलाल मरांडी के चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा कि झाविमो से अधिक यहां कांग्रेस मजबूत है। बाबूलाल चतरा या गोड्डा लोकसभा सीट से भी चुनाव लड़ सकते हैं। ऐसी बात सामने आई है।
भाकपा माले के कोडरमा सीट से लड़ने के सवाल पर कहा कि महागठबंधन में माले को शामिल करने के सवाल पर अभी तक कोई बातचीत नहीं हुई है। भाकपा के पूर्व सांसद भुनेश्वर मेहता के लिए हजारीबाग लोकसभा सीट पर बातचीत जरूर चल रही है। गिरिडीह सीट पर कहा कि पिछले बार कांग्रेस ने झामुमो के लिए यह सीट छोड़ दी थी, लेकिन झामुमो प्रत्याशी जगरनाथ महतो जीत नहीं सके थे।
खुशहाल भारत को परेशान बना दिया
भाजपा और प्रधानमंत्री पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले खुशहाल भारत को परेशान भारत बनाया और अब आयुष्मान भारत बनाने आए हैं। आयुष्मान भारत के लिए जो बजट निर्धारित हुआ, वह नाकाफी है। यह योजना केवल भाजपा को आयुष्मान बनाने के लिए लागू की गयी है। प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, अटल पेंशन योजना सभी विफल है। सूबे में विधि व्यवस्था बुरी तरह से चरमरा गयी है। मुख्यमंत्री आवास के निकट हत्या, रायफल लूट जैसी घटनाएं हो रही है। विधि व्यवस्था फेल होने से राज्यपाल तक नाराज हैं। हाईकोर्ट ने डीजीपी को फटकार लगाई है। पेट्रोलियम समेत सभी वस्तुओं की कीमतें आसमान छू रही हैं।
गिरिडीह के भाजपा सांसद रवींद्र कुमार पांडेय पर निशाना साध कहा कि सांसद अपने कारोबार के लिए तो मंत्री पीयूष गोयल से मिलते हैं लेकिन उनसे कभी भी बिजली संकट पर चर्चा नहीं करते हैं। सूबे कासबसे बड़े अस्पताल रिम्स खुद चिकनगुनिया का शिकार हो गया। मर्जर के नाम पर हजारों सरकारी स्कूलों को बंद कर दिया गया। जिलाध्यक्ष नरेश वर्मा, असंगठित कामगार कांग्रेस के अध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा, इंटक जिलाध्यक्ष व सिंदरी विधानसभा के प्रभारी नरेंद्र सिन्हा छोटन, सतीश केडिया, शुकर पासी, बलराम यादव, पोरेसनाथ मित्रा, मुनमुन सिन्हा, विनोद राम, आलमगीर आलम, सहदेव तूरी, प्रो. मुकेश साहा थे।
चरणामृत प्रकरण पर किया कटाक्ष
ठाकुर ने गोड्डा के भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के पैर धोकर भाजपा कार्यकर्ता के पीने पर कटाक्ष किया। कहा कि इससे बड़ा स्वच्छता का कोई उदाहरण हो नहीं सकता है। स्थिति तो यह हो गई कि है कि पूरे राज्य में डीसी सड़कों पर झाड़ू लगा रहे हैं और सफाईकर्मी हड़ताल पर हैं।