गिरिडीह में सीएम रघुवर बोले, गठबंधन सरकारों ने सिर्फ भ्रष्टाचार किया
CM Raghubar Das in giridih. गिरिडीह में सीएम रघुवर ने कहा कि गठबंधन की सरकार ने सिर्फ भ्रष्टाचार किया, जबकि भाजपा की सरकार ने सिर्फ विकास किया।
गिरिडीह, जेएनएन। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने रविवार को यहां झंडा मैदान में आयोजित भव्य समारोह में उत्तरी छोटानागपुर में मुख्यमंत्री सुकन्या योजना जागरूकता समारोह का शुभारंभ किया। इस मौके पर चार हजार से अधिक बेटियों को सुकन्या योजना का लाभ दिया गया।
समारोह में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने महागठबंधन पर हमला बोलते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य में गठबंधन की सरकार ने सिर्फ भ्रष्टाचार किया, जबकि भाजपा की सरकार ने सिर्फ विकास किया। चुनाव में कांग्रेस एवं झारखंड नामधारी पार्टियों से सावधान रहने की अपील लोगों से की। कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद मोदी के बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के नारे को जमीन पर उतारने के प्रति संकल्पित है। सुकन्या योजना इस दिशा में एक बड़ा कदम है। नारी शक्ति का सम्मान हमारी परंपरा है। नारी शक्ति ही सृष्टि शक्ति है। किसी भी अस्पताल में भ्रूण हत्या में अल्ट्रा साउंड मशीन का उपयोग हुआ तो अस्पताल बंद कर दिया जाएगा। पैसे के लालच में भ्रूण हत्या करने का पाप डॉक्टर न करें। यदि करेंगे तो उन्हें जेल भेज दिया जाएगा। सरकार ने इसका स्पष्ट आदेश स्वास्थ सचिव को दिया है।
बेटियों के लिए जन्म से लेकर विवाह तक मे सरकार आर्थिक सहयोग करेगी। बेटे और बेटियों में फर्क न करें। बाल विवाह का जो कलंक झारखंड पर लगा है, वह सुकन्या योजना से मिटेगा। सचिव को निर्देश दिया कि सभी स्कूलों के प्रधानाध्यापक सीधे बेटियों का निबंधन इस योजना के लिए करें। सखी मंडल को और बढाने की सीएम ने घोषणा की। दहेज प्रथा समाप्त करने के लिए 50 लाख तक की संपत्ति की रजिस्ट्री महिला को मात्र एक रुपये में किया जा रहा है। भारी आर्थिक घाटा सहते हुए भी महिला को मलकिनी बनाने के लिए सरकार यह कर रही है। किसान के खाते में 11 हजार रुपये से 21 हजार रुपये प्रति वर्ष सरकार देगी। असंगठित मजदूरों को मोदी सरकार पेंशन देगी। 60 साल उम्र पर सरकार तीन हजार रुपये पेंशन देगी। राज्य सरकार अप्रैल से 23 हजार लोगों को पेंशन छह सौ रुपये से बढ़कर एक हजार रुपये कर देगी। सभी विधवा को सरकार घर देगी। दिल्ली से सौ रुपये दिल्ली से चलता है तो गांव तक आज सौ रुपये ही पहुंचता है। समारोह को पर्यटन मंत्री अमर बाउरी ने भी संबोधित किया।
इस मौके पर कोडरमा के सांसद डॉ रवींद्र राय, गिरिडीह के सांसद रवींद्र कुमार पांडेय, गिरिडीह के विधायक निर्भय शाहाबादी, गांडेय विधायक प्रो जयप्रकाश वर्मा, जमुआ विधायक केदार हाजरा, बगोदर विधायक नागेंद्र महतो के अलावा गिरिडीह समेत कई जिलों के उपयुक्त मौजूद थे। समारोह का आयोजन समाज कल्याण विभाग ने किया था।