Move to Jagran APP

मोदी लहर में भी पिछड़े तो खतरे में पड़ जाएगी विधायकी

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कोडरमा लोकसभा क्षेत्र के सभी पांचों भाजपा विधायकों से दो टूक कहा है कि मोदी लहर में यदि उनके क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी पिछड़ जाएंगी तो अगले चुनाव में उनकी विधायकी खतरे में पड़ जाएगी।

By JagranEdited By: Published: Thu, 25 Apr 2019 12:33 AM (IST)Updated: Thu, 25 Apr 2019 12:33 AM (IST)
मोदी लहर में भी पिछड़े तो खतरे में पड़ जाएगी विधायकी

जागरण संवाददाता, गिरिडीह: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कोडरमा लोकसभा क्षेत्र के सभी पांचों भाजपा विधायकों से दो टूक कहा है कि मोदी लहर में यदि उनके क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी पिछड़ जाएंगी तो अगले चुनाव में उनकी विधायकी खतरे में पड़ जाएगी। मुख्यमंत्री बुधवार की शाम यहां पचंबा में कोडरमा एवं गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र के प्रमुख भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को बंद सभागार में संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर संगठन प्रभारी धर्मपाल ने भी चुनावी टिप्स दिए।

loksabha election banner

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे देश में मोदी लहर है। इस लहर में यदि पिछड़ गए तो आने वाले चार से पांच माह में ऐसी कौन सी क्रांति हो जाएगी जिसके बल पर आप फिर से विधानसभा चुनाव जीत जाएंगे। इस कारण अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशी को बढ़त दिलाना विधायकों की जिम्मेवारी है। विधायकों की जवाबदेही तय करते हुए कहा कि सभी विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र के चुनाव संयोजक होंगे। पहले से जो संयोजक हैं, वे सह संयोजक हो जाएंगे।

एक-एक संयोजक के बारे में जानकारी ली। राजधनवार के संयोजक के बारे में पता चला कि वे रांची में हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने उन्हें बदलने का निर्देश दिया।

शुक्रवार तक विधानसभा स्तर पर खोलें चुनाव कार्यालय: शुक्रवार तक विधायकों को मंडल अध्यक्षों से बात कर विधानसभा स्तर पर चुनाव कार्यालय खोलने का निर्देश दिया। मंडल से लेकर पंचायतों तक चुनाव कार्यालय खोलने की बात की। कहा कि चुनाव कार्यालय संसाधनों से लैस होगा। सभी संसाधन पार्टी मुहैया कराएगी। मुख्यमंत्री ने कहा क 2014 के चुनाव में मोदी लोगों के दिमाग में थे और आज 2019 में लोगों के दिल पर हैं। जाति-पाति का बैरियर टूट चुका है। जनता विकास चाहती है।

मुस्लिम महिलाओं को भी उज्जवला एवं शौचालय योजना का लाभ मिला है। जाति-पाति की राजनीति चिरकुट लोग करते हैं। रोडमैप बनाकर राजनीति में चलें तो कोई भी आपको नहीं हरा सकेगा। चुनाव हुलू-हुलू से नहीं लड़ा जाता है। ठोस रणनीति बनाकर चुनाव लड़ा जाता है। यह युद्ध है। युद्ध में जो समय नहीं दे सकता, उसे घर में आराम करना चाहिए। नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से कहा कि प्रत्याशी कौन है, यह नहीं देखें। देश की सुरक्षा के लिए मोदी जरूरी है, इसे देखकर वोट करें।

नवडीहा में होगी पीएम की सभा: मुख्यमंत्री ने बताया कि 29 मई की सुबह 10 बजे कोडरमा लोकसभा क्षेत्र के जमुआ प्रखंड अंतर्गत नवडीहा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनावी सभा होगी। इस सभा को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से लिया। इस मौके पर पार्टी प्रत्याशी अन्नपूर्णा देवी ने कार्यकर्ताओं से सहयोग करने की अपील की और कहा कि उनकी ओर से कभी शिकायत का मौका नहीं मिलेगा।

मौके पर मानव संसाधन मंत्री डॉ. नीरा यादव, जमुआ विधायक केदार हाजरा, गांडेय के विधायक प्रो. जयप्रकाश वर्मा, बगोदर के विधायक नागेंद्र महतो एवं गिरिडीह के विधायक निर्भय कुमार शाहाबादी आदि मौजूद थे। इसके पूर्व मुख्यमंत्री ने कोडरमा लोकसभा केंद्रीय चुनाव कार्यालय का उद्घाटन भी किया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.