बूथ पर करें फोकस, सत्ता होगी आपके हाथ
सत्ता एवं ताकत का उदगम स्थल बूथ है। इस कारण ऊपर देखने के बजाय सभी कार्यकर्ताओं को अपने-अपने बूथ पर फोकस करना होगा। मंडल एवं जिला से हम बूथ कमेटी को रेस करना होगा।
गिरिडीह : सत्ता एवं ताकत का उदगम स्थल बूथ है। इस कारण ऊपर देखने के बजाय सभी कार्यकर्ताओं को अपने-अपने बूथ पर फोकस करना होगा। मंडल एवं जिला से हम बूथ कमेटी को रेस करना होगा। बूथ पर फोकस करेंगे तो सूबे की सत्ता आपके हाथों में होगी। यह बातें भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से गुरुवार की शाम को जमुआ में कही। वे जमुआ के गांधी मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करने के बाद बगल के इंदिरा गांधी उच्च विद्यालय मैदान में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। नड्डा ने गिरिडीह जिले की सभी छह विधानसभा सीटों पर कब्जा करने के लिए नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को कई चुनावी टिप्स दिए।
नड्डा ने बताया कि दो-दो कार्यकर्ताओं की टीम बनाकर रोज कम से कम बीस घरों में संपर्क करें। एक-एक घरों में चुनाव के पूर्व कम से कम तीन-तीन बार जाएं। नड्डा ने कहा कि भाजपा के पक्ष में माहौल है। सम्मेलन की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने किया।
मौके पर कोडरमा की सांसद अन्नपूर्णा देवी, जमुआ के प्रत्याशी केदार हाजरा, गिरिडीह के निर्भय कुमार शाहाबादी, गांडेय के प्रो. जयप्रकाश वर्मा, धनवार के लक्ष्मण सिंह भी मौजूद थे। बूथ स्तर के भी कार्यकर्ता इस सम्मेलन में पहुंचे थे। जेपी नड्डा हेलीकॉप्टर से जमुआ पहुंचे थे। सम्मेलन एवं सभा को लेकर सुरक्षा का पुख्ता प्रबंध किया गया था। स्कूल के छत से सुरक्षाकर्मी इलाके पर नजर रख रहे थे।