स्कूल बंद हो गए तो चुनाव में हमें झेलना होगा विरोध
जागरण संवाददाता, गिरिडीह: भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व कोडरमा के सांसद डॉ. रवींद्र कुम
जागरण संवाददाता, गिरिडीह: भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व कोडरमा के सांसद डॉ. रवींद्र कुमार राय ने स्कूलों को बंद करने की प्रक्रिया रोकने के लिए प्रधानमंत्री से गुहार लगाई है। सांसद राय ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर यह गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि यदि इसे नहीं रोका गया तो चुनाव में जनप्रतिनिधियों को जनता का विरोध झेलना पड़ेगा।
सांसद राय ने अपने पत्र में लिखा है कि सर्व शिक्षा अभियान के तहत शुरू किए गए स्कूलों को छात्र-छात्राओं की संख्या के आधार पर बंद कर आसपास के स्कूलों में विलय करने की प्रक्रिया चल रही है। इससे झारखंड के 6500 स्कूल बंद हो जाएंगे। कई गांव स्कूल विहीन हो जाएंगे। इस कार्रवाई से जनता का भारी विरोध सामने आ रहा है। इन स्कूलों के बंद होने से कई मतदान केंद्र भी बंद हो जाएंगे। इसका बुरा असर जनमानस पर है। चुनाव में भी जनप्रतिनिधियों को विरोध का सामना करना पड़ेगा। सांसद ने प्रधानमंत्री से अपील की है कि इस प्रक्रिया को रोकने पर विचार करें और संबंधित विभाग को उचित मार्गदर्शन दें।
विदित हो कि सूबे के सभी 12 भाजपा सांसद मुख्यमंत्री को संयुक्त रूप से पत्र लिखकर स्कूलों को विलय करने की प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने की मांग की थी। इसके बावजूद प्रक्रिया जारी है।