सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान
- पार्टी के पंचायती राज प्रकोष्ठ के संयोजक कार्यालय का उद्धाटन जागरण संवाददाता गिरिडीह आसन्न विधानसभा चुनाव
गिरिडीह : आसन्न विधानसभा चुनाव में भाजपा का लक्ष्य 65 प्लस है। इसके लिए पार्टी का काम तेजी से चल रहा है। पार्टी के सभी मंच, मोर्चा व प्रकोष्ठ से जुड़े लोग लक्ष्य प्राप्ति को लेकर अपने-अपने कम में लग गए हैं। ये बातें भाजपा पंचायती राज प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सुमन सिंह ने कही। वे रविवार को शहर में प्रकोष्ठ के आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इसके पूर्व उन्होंने भाजपा पंचायती राज प्रकोष्ठ के संयोजक कार्यालय का उद्घाटन किया।
उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों और सरकार की योजनाओं का लाभ लेने वाले लाभुकों को एकजुट करने के उद्देश्य से इस प्रकोष्ठ का गठन किया गया है। उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल में सात जिले आते हैं। सभी जिलों में यहां से कैसे काम करेंगे यह तय कर लें। गिरिडीह में पंचायत प्रतिनिधियों और लाभुकों का प्रमंडल स्तरीय सम्मेलन कराना है। इसके लिए सभी का सहयोग चाहिए। सम्मेलन में मुख्यमंत्री और पार्टी के प्रदेश प्रभारी भी आएंगे। उन्होंने सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
प्रकोष्ठ के उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के संयोजक डा. विकास लाल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ सभी लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह कार्यालय खोला गया है। अब भी काफी लोग सरकार की योजनाओं के लाभ से वंचित हैं। वैसे लोगों को इस कार्यालय से योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा। पार्टी ने उन्हें बहुत बड़ी जिम्मेवारी सौंपी है। इसका निर्वहन वह पूरी निष्ठा के साथ करेंगे। बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. शैलेंद्र चौधरी ने कहा कि भाजपा में निष्ठा पूर्वक काम करने वालों की ही पूछ होती है। जनता में आपकी जितनी मजबूत पकड़ होगी, उतनी ही अधिक पूछ पार्टी में होगी। इसलिए सभी पूरी तन्यमता के साथ पार्टी द्वारा दी गई जिम्मेवारी का निर्वहन करें। कार्यक्रम को भाजपा नेता सुनित सिंह, पूर्व नप अध्यक्ष दिनेश यादव, संजू देवी, विनय सिंह, सदानंद राम, रागिनी लहेरी, संजीत सिंह पप्पू, सदानंद वर्मा, सदानंद राम आदि ने भी संबोधित किया।