बिरनी के हाइवा चालक की पुणे में मौत
प्रखंड के बेलाटांड़ निवासी 40 वर्षीय हाइवा चालक पंचानंद राम की मौत महाराष्ट्र के पुणे के एक सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान रविवार की दोपहर हो गई।
संवाद सहयोगी, बिरनी (गिरिडीह): प्रखंड के बेलाटांड़ निवासी 40 वर्षीय हाइवा चालक पंचानंद राम की मौत महाराष्ट्र के पुणे के एक सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान रविवार की दोपहर हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे। उसका शव मंगलवार को घर पहुंचा। परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
पंचानंद राम महाराष्ट्र की एक कंपनी में हाइवा चलाता था। वह बीते गुरुवार को हाइवा चलाते समय बेहोश हो गया। किसी तरह उसने वाहन को बीच सड़क पर ही खड़ा कर दिया। इसके बाद कुछ लोग हाइवा के पास पहुंचे तो देखा कि चालक वाहन की स्टेयरिग पकड़ बेहोशी हालत में बैठा था। उसे इलाज के लिए तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
वाहन चलाकर खींच रहा था परिवार की गाड़ी: पंचानंद की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह वाहन चलाकर पूरे परिवार का भरन-पोषण करता था। उसके चार छोटे-छोटे बच्चे के अलावा माता-पिता व पत्नी हैं। मंगलवार को शव पहुंचते ही पत्नी रेखा देवी व वृद्ध माता-पिता दहाड़ मारकर रोने लगे। घर पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे मुखिया: मृतक के परिजनों को सांत्वना देने झाविमो नेता सह पडरमनिया पंचायत के मुखिया कैलाश मंडल मृतक के घर पहुंचे। उन्होंने हर संभव मदद करने का भरोसा दिया।