छात्रावास से पांच बिरहोर बच्चे गायब
गिरिडीह : जिले के सदर प्रखंड स्थित लखारी में बिरहोर विकास समिति द्वारा संचालित उत्कर्ष छात्र
गिरिडीह : जिले के सदर प्रखंड स्थित लखारी में बिरहोर विकास समिति द्वारा संचालित उत्कर्ष छात्रावास से पांच छात्र बुधवार को गायब हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर बारह घंटे बाद मुफस्सिल पुलिस भी बच्चों को खोजने में लगी है, लेकिन गुरुवार को घटना के 36 घंटे बाद भी गायब बच्चों का कोई अतापता नहीं चला है। इस घटना से प्रशासन को जहां अचंभित कर दिया है, वहीं छात्रावास प्रबंधन की तरफ से की गई सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़ा हो गया है क्योंकि वे बुधवार को दिन के करीब ग्यारह बजे से गायब हैं। इसकी जानकारी मिलने के बाद छात्रावास की वार्डेन बनियाडीह निवासी किरण कुमारी ने अपने सहयोगियों के साथ उसे ढ़ूढने का प्रयास किया लेकिन अभी तक उन बच्चों की खोज कर पाने में उन्हें भी सफलता नहीं मिली है। समाचार लिखे जाने तक बच्चे अपने गांव हजारीबाग के इचाक स्थित तिरला भुसवाल भी नहीं पहुंचे थे।
गायब सभी बच्चे हजारीबाग इचाक के निवासी :
छात्रावास से गायब बच्चे हजारीबाग इचाक थाना क्षेत्र के तिरला भुसवाल के रहने वाले थे। सभी दिन के करीब ग्यारह बजे से गायब हैं। गायब बच्चों में वर्ग दो का छात्र छोटन बिरहोर (12) पिता सुमन बिरहोर, इसी वर्ग का महेश बिरहोर (10) पिता कमरू बिरहोर, वर्ग एक का छात्र सिकंदर बिरहोर (8) पिता देवला बिरहोर, जितेंद्र बिरहोर (8) पिता तिरजा बिरहोर एवं विकास बिरहोर (8) पिता सरदार बिरहोर शामिल हैं। इसमें छोटन एवं महेश दुर्गापूजा के आसपास यहां आया था जबकि अन्य सभी एक महीने पूर्व आए थे। सभी यहां रह रहे 135 बच्चों के साथ पचंबा स्थित महात्मा गांधी विद्यालय में पढ़ने जाते थे। बच्चों को स्कूल ले जाने एवं लाने के लिए स्कूल बस उपलब्ध है। यह बस समिति की तरफ से दी गई है। सभी बच्चे उस वक्त भागे हैं, जब स्कूल का गेट खुला था। तब यहां संगीता सुमन, मोनिका मुर्मू एवं वीणा हेंब्रम छात्रावास में ही मौजूद थीं। सभी बतौर कुक यहां काम करती हैं। गेट पर कोई चौकीदार नहीं है। छोटन नामक चौकीदार काम करता था, जो पिछले तीन महीने से काम नहीं कर रहा है।
बच्चे गायब नहीं भाग गए हैं : वार्डन
वार्डन किरण कुमारी ने बताया कि यहां के 14 बच्चे बीमार हो गए थे। सभी को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां से उन्हें लाने के लिए उनके साथ रोहित सोरेन एवं ठेना मरांडी बुधवार को सुबह साढ़े दस बजे अस्पताल गई थी। इसी बीच सवा ग्यारह बजे उन्हें सूचना दी गई कि यहां से पांच बच्चे भाग गए हैं। तुरंत सभी अस्पताल से लेकर बच्चों को यहां पहुंचाकर बच्चों को आगे-पीछे व आसपास के गावों में खोजा, लेकिन कुछ पता नहीं चला। जो बच्चों के घर के साथ ही अन्य बिरहोर टंडा में भी लोगों को इसे खोजने के लिए लगाया गया है।
वर्जन
जांच आरंभ कर दी गई है। पुलिस को सूत्र से जानकारी मिली और पड़ताल आरंभ है। छात्रावास के वार्डन की तरफ से उन्हें कोई लिखित सूचना अभी तक नहीं दी गई है। इस संबंध में वार्डन से पूछने पर कहती हैं कि जानकारी समिति के पदाधिकारियों को दे दी गई है।
आरएन चौधरी, थाना प्रभारी, मुफस्सिल