महिला की हत्या के आरोप में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
डुमरी (गिरिडीह) निमियाघाट पुलिस ने एक विवाहिता की हत्या के आरोप में चार लोगों के ि
डुमरी (गिरिडीह) : निमियाघाट पुलिस ने एक विवाहिता की हत्या के आरोप में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामला मृतका के पिता के दिए गए फर्दबयान पर दर्ज किया गया है। विवाहिता की मौत 7 मार्च को रिम्स में इलाज के दौरान हो गई थी। मृतका के पिता के रांची पुलिस को दिए गए फर्दबयान पर पुलिस ने मृतका के पति, ससुर, सास और चाचा ससुर पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। फर्द बयान में मृतका के पिता होसिलमियां बांध के बोकारो निवासी सुरेश रविदास ने कहा है कि उन्होंने अपनी पुत्री की शादी हिदू रीति रिवाज से निमियाघाट थाना क्षेत्र के तांबागुड़ियो निवासी शोभी रविदास के पुत्र कुलदीप रविदास के साथ वर्ष 2012 में करवाई थी। कुलदीप से पुत्री को दो बच्चे भी हैं। उनकी पुत्री बबीता के साथ पति कुलदीप शराब के नशे में मारपीट किया करता था। एक बार कुलदीप ने उनके घर में भी पुत्री के साथ मारपीट की थी जिसमें उन्होंने बीच बचाव किया था। उस वक्त कुलदीप ने अंजाम बुरा होने की धमकी दी थी। 28 फरवरी को उन्हें पुत्री के ससुराल के गांव के लोगों ने फोन कर जानकारी दी कि उनकी पुत्री जल गई है। इस बात की जानकारी पुत्री के ससुरालवालों ने उन्हें नहीं दी। इसके बाद उनके दामाद द्वारा पुत्री को इलाज के लिए बीजीएच में भर्ती कराया गया। वहां स्थिति बिगड़ते देख उसे रांची के रिम्स रेफर कर दिया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत 7 मार्च को हो गई। उनका दावा है कि पुत्री को दामाद कुलदीप, ससुर शुभी रविदास, सास बुलुवा देवी और चाचा ससुर गाजो रविदास ने ही जला दिया जिससे उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी विकास पासवान ने बताया कि मृतका के पिता के दिए फर्द बयान के आलोक में थाना में चार लोगों पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है।