रोक के बावजूद मनरेगा की राशि भेजी वेंडर के खाते में
गिरिडीह सदर प्रखंड में मनरेगा में लूट मची हुई है।बीडीओ पर नियम के खिलाफ कार्य करने का मामला सामने आया है।मनरेगा से होने वाले कार्य फिर एक बार संदेह के घेरे में है।मनरेगा में निर्माण में सामग्री के लिए राशि लाभुक के खाते में दिए जाने का प्रावधान है।जबकि सदर बीडीओ रोक के बावजूद सामग्री की राशि वेंडर के खाते में भेज रहे हैं।
गिरिडीह : सदर प्रखंड में मनरेगा में लूट मची है। बीडीओ पर नियम के खिलाफ कार्य करने का मामला सामने आया है। मनरेगा से होनेवाले कार्य फिर एक बार संदेह के घेरे में है। मनरेगा में निर्माण में सामग्री के लिए राशि लाभुक के खाते में देने का प्रावधान है, जबकि सदर बीडीओ रोक के बावजूद सामग्री की राशि वेंडर के खाते में भेज रहे हैं। जिले में यह एकमात्र प्रखंड है जहां वेंडर के खाते में प्रखंड से राशि भेजी गई है। इस तरह राशि सीधे वेंडर के खाते में भेजने से भ्रष्टाचार और लूट खसोट से इंकार नहीं किया जा सकता है। डीडीसी मुकुंद कुमार दास ने पूर्व में हुए इस तरह के मामले में जांच कर कड़ा रुख अपनाया था। डीडीसी ने इसे लेकर पत्रांक 337 दिनांक 14 अप्रैल 2020 को एक आदेश दिया था, जिनमें स्प्ष्ट कहा गया था कि किसी कीमत पर वेंडर के खाते में राशि नहीं भेजी जाए। वेंडर के खाते में सीधे राशि भेजना नियम के अनुकूल नहीं है। डीडीसी ने जिले के सभी बीडीओ को पत्र भेजकर इस तरह के भुगतान पर रोक लगाने के साथ जबाब दाखिल करने का आदेश दिया था। डीसी को सूचना मिली थी कि लाभुकों के व्यक्तिगत निर्माण में सामग्री की राशि वेंडर को भुगतान की जा रही है, जिससे मनरेगा में लूट मची हुई है। डीसी ने वेंडर के खाते की राशि की निकासी पर रोक लगाई थी। डीसी के आदेश पर इस मामले में जांच की गई। जांच में मुखिया और पंचायत सचिव ने लाभुकों का सहमति पत्र दिया, जिसमें बताया गया कि लाभुक की सहमति से ही वेंडर को भुगतान किया गया है।इस पर डीडीसी ने आदेश देते हुए कहा कि किसी कीमत पर वेंडर के खाते में राशि नहीं भेजी जा सकती है। यह नियम के विपरीत है।इस आदेश को धता बताते हुए सदर प्रखंड ने बीते शनिवार को वेंडर के खाते में मनरेगा की राशि भेजी।
---------------------
वेंडर के खाते में राशि का भुगतान नियम के अनुसार किया गया है। डीडीसी ने भी आदेश दिया है। इसे लेकर सरकार का नियम भी है। वेंडर को पूर्व से भी राशि का भुगतान किया जाता रहा है।
गौतम कुमार भगत, बीडीओ,गिरिडीह।