Move to Jagran APP

महिलाओं के दम पर हारेगा कोरोना

स्वयं सहायता समूह की सखी मंडल से जुड़ी महिलाएं कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए बाजारों में जो मास्क एवं सैनिटाइजर की कमी है उसे दूर करेंगी।

By JagranEdited By: Published: Thu, 26 Mar 2020 07:00 AM (IST)Updated: Thu, 26 Mar 2020 07:00 AM (IST)
महिलाओं के दम पर हारेगा कोरोना
महिलाओं के दम पर हारेगा कोरोना

दिलीप सिन्हा, गिरिडीह : वैश्विक महामारी कोरोना से जंग में गिरिडीह जिले की ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं भी कूद पड़ी हैं। स्वयं सहायता समूह की सखी मंडल से जुड़ी महिलाएं कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए बाजारों में जो मास्क एवं सैनिटाइजर की कमी है, उसे दूर करेंगी। ये महिलाएं करीब 50 हजार मास्क बना रही हैं। इसमें से करीब 25 हजार मास्क बनकर तैयार हो चुका है। महज दो दिन बाद शुक्रवार तक मास्क बनकर बाजार में न्यूनतम दाम पर बिक्री के लिए उपलब्ध हो जाएगा।

loksabha election banner

महिलाओं ने हैंड सैनिटाइजर का भी निर्माण किया है। दो दिनों के अंदर करीब एक सौ बीस लीटर हैंड सैनिटाइजर बनकर तैयार हो जाएगा। बारह सौ लीटर सैनिटाइजर बनाने का लक्ष्य इन महिलाओं को दिया गया है। गिरिडीह के उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा की पहल पर यह संभव हो पा रहा है।

कोरोना महामारी के फैलने के बाद मास्क एवं हैंड सैनिटाइजर की बिक्री काफी बढ़ गयी है। जितनी आवश्यकता है, उतनी मास्क व सैनिटाइजर बाजारों में उपलब्ध नहीं है। मास्क व सैनिटाइजर की कालाबाजारी बढ़ गयी है। उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने जिला कार्यक्रम प्रबंधक संजय गुप्ता के साथ बैठक की। उपायुक्त ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को मास्क व हैंड सैनिटाइजर बनाने की जिम्मेवारी दी। समूह की महिलाओं को कपड़ा, स्प्रिट समेत अन्य संसाधन जिला प्रशासन ने उपलब्ध करा दिया। सैनिटाइजर के लिए सिविल सर्जन अवधेश कुमार सिन्हा एवं उत्पाद अधीक्षक अवधेश कुमार सिंह ने महिलाओं को तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया।

गांडेय, बेंगाबाद, पीरटांड़ एवं डुमरी की चार सखी मंडल का चयन मास्क निर्माण के लिए किया गया। ये महिलाएं सिलाई-बुनाई में पहले से प्रशिक्षित थीं। इन सखी मंडलों को जिला प्रशासन ने 50 हजार मास्क बनाने का लक्ष्य दिया।

सुदूर गांवों की इन महिलाओं ने महज एक सप्ताह में करीब 25 हजार मास्क का निर्माण कर लिया है। गांडेय प्रखंड के दासडीह गांव में मास्क बना रहीं लक्ष्मी आजीविका सखी मंडल की उपासना पांडेय ने बताया कि एक अभियान के तहत यह काम महिलाएं कर रही हैं। पीरटांड़ प्रखंड के सिंहपुर सखी मंडल की महिलाएं भी युद्ध स्तर पर मास्क बना रही हैं।

जिला कार्यक्रम प्रबंधक संजय गुप्ता ने बताया कि बेंगाबाद के करणपुरा की महिलाएं हैंड सैनिटाइजर का निर्माण कर रही हैं। सिविल सर्जन अवधेश कुमार सिन्हा ने उपायुक्त को पत्र लिखकर सैनिटाइजर निर्माण के लिए धनबाद से एक हजार लीटर स्प्रिट की आपूर्ति कराने का आग्रह किया है।

-------------

दूर होगा मास्क व सैनिटाइजर का संकट : उपायुक्त

उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने बताया कि सखी मंडल की महिलाओं का यह प्रयास सराहनीय है। इसे जिले में मास्क एवं सैनिटाइजर का जो संकट है, वह दूर हो जाएगा। डब्ल्यूएचओ के मानकों को ध्यान में रखते हुए सैनिटाइजर का निर्माण किया गया है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.