जैन तीर्थ नगरी मधुबन में सन्नाटा
कोरोना वायरस का दहशत विश्व प्रसिद्ध जैन तीर्थ स्थल मधुबन में भी देखा जा रहा है। इस दहशत के कारण देशभर से यहां आने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या में भारी गिरावट आयी है।
गिरिडीह : कोरोना वायरस का दहशत विश्व प्रसिद्ध जैन तीर्थ स्थल मधुबन में भी देखा जा रहा है। इस दहशत के कारण देशभर से यहां आने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या में भारी गिरावट आयी है। महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक से काफी कम संख्या में तीर्थ यात्री आ रहे हैं। फिलहाल यहां झारखंड, बिहार के अलावा मध्य प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश से ही लोग आ रहे हैं। डोली मजदूर एवं ऑटो चालकों के समक्ष रोजगार का संकट आ गया है। तीर्थयात्री यहां खरीदारी भी जमकर करते हैं। उनके कम संख्या में आने से यहां के दुकानदारों में भी मायूसी है। मधुबन के धर्मशालाएं भी खाली पड़ी है।
तीर्थयात्रियों के स्वास्थ्य जांच का नहीं है प्रबंध :
इस तीर्थ नगरी में बड़ी संख्या में महाराष्ट्र, कर्नाटक एवं दिल्ली से लोग आते हैं, जहां कोरोना वायरस का कहर सबसे अधिक है। उन प्रदेशों से तीर्थयात्रियों की संख्या अभी कम है। कुछ तीर्थयात्री वहां के अभी भी हैं। इस विश्व प्रसिद्ध तीर्थ स्थल में चिकित्सीय जांच का कोई प्रबंध नहीं है। यहां के लोगों का कहना है कि यात्रियों की चिकित्सीय जांच जरूरी है।