मरगोडीह में महायज्ञ शुरू, माहौल हुआ भक्तिमय
गांडेय प्रखंड के मरगोडीह में नो दिवसीय श्री श्री 10
गांडेय (गिरिडीह) : प्रखंड के मरगोडीह में नौ दिवसीय श्री श्री 108 शिव शक्ति प्राण प्रतिष्ठा सह रुद्र महायज्ञ के आयोजन को लेकर बुधवार को गाजेबाजे के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में लगभग एक हजार कन्याओं ने माथे पर कलश उठाया। श्रद्धालु यज्ञ का ध्वज लहराते एवं जय श्री राम, हर हर महादेव के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। कलश यात्रा मरगोडीह में बने यज्ञ स्थल से शुरू होकर लोहारी, दासडीह होते हुए पांच किमी दूर चपरा नदी पहुंची। वहां वैदिक मंत्रोच्चार के साथ जल का शुद्धिकरण किया गया। जल को कलश में भरकर उसे माथे पर उठाकर वापस यज्ञ स्थल पहुंची। कलशों से लाए गए पवित्र जल से यज्ञशाला का शुद्धिकरण किया गया। इसके साथ ही महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ किया गया। महायज्ञ से मरगोडीह एवं आसपास का माहौल भक्तिमय हो गया है। यज्ञ समिति के सदस्यों ने बताया कि बाबा पूर्णोनाथ धाम में आयोजित महायज्ञ में प्रतिदिन सुबह वैदिक पाठ व शाम को प्रवचन, भजन के साथ भव्य आरती व प्रसाद वितरण किया जाएगा। महायज्ञ में आचार्य सूर्यकांत जी महाराज, उपाचार्य दीपक शास्त्री, शैलेंद्र शास्त्री, पंडित हरि प्रसाद पांडेय, पंडित परमेश्वर शुक्ला वैदिक मंत्रोच्चार व पाठ करेंगे। वहीं मानस मनी साध्वी शिरोमणि दुबे, साध्वी साक्षी किशोरी प्रवचन करेंगे। साथ ही देवघर के अनिल व्यास अपने टीम के साथ संगीतमय भजन प्रस्तुत करेंगे। कलश यात्रा में यज्ञ समिति के सदस्य व क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालु शामिल थे।