गिरिडीह और जामताड़ा में 20 साइबर अपराधी गिरफ्तार
cyber criminal arrested. झारखंड के जामताड़ा और गिरिडीह जिले में पुलिस ने छापेमारी कर 20 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
जामताड़ा/गिरिडीह, जेएनएन। साइबर क्राइम के लिए पूरे देश में कुख्यात हो चुके झारखंड के जामताड़ा और गिरिडीह जिले में शनिवार को पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर 20 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। जामताड़ा में केरल और तेलंगाना पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से सात को पकड़ा। गिरिडीह में साइबर डीएसपी संदीप सुमन समदर्शी के नेतृत्व में 13 की गिरफ्तारी हुई।
गिरिडीह में डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नगर थाना, अहिल्यापुर, गांडेय एवं बेंगाबाद थाना क्षेत्र में छापेमारी की। यहां पकड़े गए 13 आरोपितों से उनके अन्य साथियों के बारे में मिले सुराग पर देर रात तक छापेमारी चल रही थी। यहां गिरफ्तार युवकों के पास से मोबाइल, एटीएम, पेन कार्ड, पासबुक, मतदाता पहचान पत्र बरामद हुए हैं। डीएसपी ने बताया कि कार्रवाई अभी जारी है।
सूत्रों के अुनसार साइबर क्राइम रैकेट का सरगना नगर थाना क्षेत्र से पकड़ा गया है। उससे मिली जानकारी पर पुलिस ने अहिल्यापुर थाना क्षेत्र से तीन, गांडेय से पांच एवं बेंगाबाद थाना क्षेत्र से चार युवकों को साइबर क्राइम करते पकड़ा। अहिल्यापुर गिरफ्तार तीनों लोगों से पूछताछ की जा रही है। अहिल्यापुर के रसनजोरी गांव के पास पकड़े गए बिरजू राणा, गुड्डू राणा और हीरालाल फोन पर बैंक अधिकारी बनकर खाताधारकों से उनके खाते के बारे में जानकारी ले रहे थे। ये तीनों पहले भी साइबर अपराध के मामले में जेल जा चुके हैं। बेंगाबाद थाना क्षेत्र के फुसरोडीह से पुलिस ने विजय मंडल, नंदकिशोर गुप्ता समेत चार युवकों को पकड़ा है।
इस मामले में 20 लोगों पर नामजद प्राथमिकी की गई है। अन्य की तलाश हो रही है। दूसरी ओर जामताड़ा में केरल और तेलंगाना पुलिस ने शनिवार को दबिश दी। यहां से सात आरोपितों को पकड़ा गया है। इनके नाम पुलिस बताने से परहेज कर रही है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कुछ दिन पहले भी करमाटांड़ से दिल्ली, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की पुलिस ने कुछ साइबर अपराधियों को पकड़ा था।
अब केरल और तेलंगाना की पुलिस ने आकर सारी रात छापामारी की। सानू पोखर एवं देवलबाड़ी गांव में पुलिस को सफलता मिली। तेलंगाना पुलिस ने तीन और केरल पुलिस ने चार लोगों को पकड़ा है। इनके पास आधा दर्जन मोबाइल मिले हैं। जांच के लिए उन्हें जामताड़ा पुलिस मुख्यालय भेजा गया है। इस गिरोह का सरगना पुलिस की पकड़ में अभी नहीं आया है।