मोड़ पर पेड़ से टकराया बोरिंग वाहन; एक की मौत, दाे की हालत नाजुक Giridih News
घटना स्थल जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र से बिल्कुल सटा हुआ है। सूचना पाकर अहिल्यापुर गांडेय एवं नारायणपुर थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।
गिरिडीह, जेएनएन। जामताड़ा-गांडेय सड़क मार्ग पर अहिल्यापुर थाना अंतर्गत दक्षिणीडीह में रविवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे तेज रफ्तार से आ रही एक बोरिंग गाड़ी टर्निंग पर पेड़ से टकरा गयी। इस हादसे में माैके पर ही एक व्यक्ति की मौत हो गयी। जबकि तीन लोग बुरी तरह से जख्मी हो गए। गाड़ी में दो और मजदूर थे जो जख्मी नहीं हुए थे, हादसे के बाद डरकर भाग निकले।
घटना स्थल जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र से बिल्कुल सटा हुआ है। सूचना पाकर अहिल्यापुर, गांडेय एवं नारायणपुर थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। मृतक के शव एवं तीनों घायलों को जो गाड़ी के नीचे दबे हुए थे, को बाहर निकालकर पुलिस गांडेय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गयी। प्रारंभिक चिकित्सा के बाद तीनों घायलों को गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया गया। दोनों बेहोशी की हालत में हैं। सदर अस्पताल ने भी दोनों को पीएमसीएच धनबाद रेफर कर दिया है। दोनों की हालत बेहद नाजुक है। मृतक एवं जख्मी की पहचान नहीं हो सकी है। तीनों बोरिंग गाड़ी पर ही सवार थे।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि बोरिंग गाड़ी देवघर से आ रही थी। इस क्रम में नारायणपुर थाना क्षेत्र में एक गोवंश गाड़ी की चपेट में आ गया। इससे चालक घबरा गया और तेज रफ्तार से गाड़ी लेकर भाग रहा था। इसी क्रम में जैसे ही नारायणपुर थाना क्षेत्र पार कर अहिल्यापुर के रसनजोरी पंचायत में प्रवेश किया बोराटांड़ के पास दक्षिणीडीह टर्निंग पर चालक ने अपना संतुलन खो दिया। गाड़ी ने सीधे वहां एक आम के पेड़ पर टक्कर मार दी। टक्कर की आवाज इतनी जोर थी कि आसपास के गांव से लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। तुरंत पुलिस भी पहुंच गयी। ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने सभी घायलों को बाहर निकाला।