कहीं गायब थे शिक्षक, कहीं लड़ा रहे थे गप्पे
जागरण संवाददाता गिरिडीह जिला शिक्षा अधीक्षक अरविद कुमार ने शुक्रवार को स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्कूलों में काफी गड़बड़ियां मिलीं। कहीं शिक्षक नदारद थे तो कहीं बच्चों को पढ़ाने के बजाय अपने कक्ष में गप्पें हांक रहे थे। मध्याह्न
गिरिडीह : जिला शिक्षा अधीक्षक अरविद कुमार ने शुक्रवार को स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्कूलों में काफी गड़बड़ियां मिलीं। कहीं शिक्षक नदारद थे, तो कहीं बच्चों को पढ़ाने के बजाय अपने कक्ष में गप्पे हांक रहे थे। मध्याह्न भोजन योजना में काफी अनियमितताएं सामने आईं। साथ ही पदाधिकारी का गंदगी से भी सामना हुआ।
डीएसई सबसे पहले उत्क्रमित उच्च विद्यालय महेशलुंडी पहुंचे। सुबह 9:45 बजे बच्चे बाहर खेलते नजर आए, जबकि प्रभारी प्रधानाध्यापक सहित शिक्षक कार्यालय कक्ष में बैठकर गप्पे हांक रहे थे। शिक्षिका पूनम कुल्लू पांच नवंबर से अवकाश पर हैं, लेकिन प्रधानाध्यापक बीच-बीच में उनकी हाजिरी बनवा रहे हैं। स्कूल का शौचालय गंदा मिला। मध्याह्न भोजन में भी अनियमितताएं पाई गईं। डीएसइ ने विभिन्न पंजियों की जांच की। बताया कि इन अनियमितताओं को लेकर प्रभारी प्रधानाध्यापक को शोकॉज किया जाएगा।
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, डुमरी में लेखापाल गायब मिले। यहां स्टॉक रजिस्टर की जांच के दौरान विभिन्न सामग्रियों के क्रय में गड़बड़ी करने का मामला उजागर हुआ। यहां से डीएसई 12:15 बजे बगोदर प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय अडवारा पहुंचे। वहां की प्रभारी प्रधानाध्यापिका संचिता टुडू एक पारा शिक्षक की बाइक पर बैठकर कहीं जा रही थीं। डीएसइ के वाहन को देख वह वापस लौटीं। शौचालय जर्जर स्थिति में पाया गया। प्रभारी प्रधानाध्यापक स्कूल का कैशबुक, पासबुक सहित अन्य कागजात नहीं दिखा सकीं। बताया गया कि ये सभी कागजात वह अपने घर में रखती हैं।
उत्क्रमित उच्च विद्यालय टुकटुको बगोदर में दो शिक्षक हाजिरी बनाकर गायब थे, जबकि प्रधानाध्यापक अन्य शिक्षकों के साथ अपने कक्ष में बैठकर गप्पे लड़ा रहे थे। इसी तरह मध्य विद्यालय अटका चट्टी में तीन शिक्षक बैंक जाने के नाम पर हाजिरी बनाकर गायब थे। यहां भी शौचालय गंदा पाया गया।