दुष्कर्म के बाद विवाहिता की हत्या से देवरी में मातम
देवरी थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार रात्रि 22 वर्षीय विवाहिता के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर देने की घटना से गांव में ही दिनभर मातम छाया रहा।
देवरी : देवरी थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार रात्रि 22 वर्षीय विवाहिता के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर देने की घटना से गांव में ही दिनभर मातम छाया रहा। शव का पोस्टमार्टम होने के बाद परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस आरोपित को गिरफ्तार करने के लिए कई जगहों पर छापेमारी की लेकिन वह पकड़ा नहीं गया।
उक्त मृतक महिला के पति ने देवरी पुलिस को फर्दबयान देकर गांव के ही प्रकाश राय पर दुष्कर्म कर हत्या करने का आरोप लगाया था। कहा था कि उसकी 22 वर्षीय पत्नी सोमवार रात्रि को अपने भैंसुर के घर से श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होकर घर वापस आ रही थी। पीछे से घात लगाकर बैठा आरोपित प्रकाश राय भी वहां आया और घर में घुसकर उसके साथ दुष्कर्म किया और उसकी हत्या कर दी। हल्ला होने के बाद वह खपरैल घर की चाल को फाड़कर भाग गया। वह कुछ देर बाद फिर आया और शराब के नशे में कहा कि वह नहीं मर सकती है। इतने में प्रकाश की मां और बहन भी वहां आई और प्रकाश को घर ले गई।
थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगरा ने बताया कि मृतक महिला के पति के फर्दबयान के आलोक में मामला दर्ज हो गया है। इसमें आरोपित की गिरफ्तारी को लेकर छापामारी जारी है।