सामूहिक दुष्कर्म के एक आरोपित ने किया सरेंडर
दबाव बनाने को पुलिस ने आरोपित के परिजनों को चार दिन से रखा था थाने में
संस, बेंगाबाद : मानसिक रूप से बीमार महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म के एक आरोपित प्रदीप यादव ने पुलिसिया दबाव में आकर बुधवार को गिरिडीह न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। इस सूचना पर बेंगाबाद थाना में रखे गए उसके परिजनों को दोपहर बाद छोड़ दिया गया।
क्या है मामला: 23 जून की रात को छोटकी खरगडीहा स्थित एक होटल में युवकों ने खाना खाया। वहां से लौटते समय सड़क किनारे चक्कर काटनेवाली एक मानसिक रूप से बीमार महिला को वाहन में बैठाकर ले गए। उसके साथ उन लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। अहले सुबह स्थानीय लोगों ने उक्त महिला को छोटकी खरगडीहा के बगल स्थित मुंगो नाले के पास अर्धनग्न अवस्था में देखा। सूचना पर बेंगाबाद पुलिस महिला को थाना लाकर पड़ताल कर रही थी। इस मामले में पीड़िता के भाई ने बेंगाबाद थाना में आवेदन देकर नवडीहा ओपी क्षेत्र के बिशनपुरा निवासी प्रदीप यादव के अलावे दो अज्ञात के विरूद्ध दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। घटना के बाद से सभी आरोपित फरार थे। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी। भाकपा माले ने थाना के समक्ष प्रदर्शन कर एक सप्ताह के अंदर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की थी। नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी थी। पुलिस ने आरोपितों पर दबाव बनाने के लिए उसके परिजनों को थाने में लाकर चार दिनों से रखा था। थाना प्रभारी प्रशांत कुमार ने बताया कि प्रदीप सामूहिक दुष्कर्म का आरोपित है। घटना के बाद से ही वह फरार था। मामले का सुराग पाने के लिए उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।