साइबर अपराध में सात रंगेहाथ धराए
साइबर अपराध पर अंकुश लगाने को लेकर गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार को की गई कार्रवाई में पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर सात साइबर आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
गिरिडीह: साइबर अपराध पर अंकुश लगाने को लेकर गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार को की गई कार्रवाई में पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर सात साइबर आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पांच साइबर आरोपित बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बिशनपुर गांव स्थित निरंजन मंडल के घर से जबकि दो आरोपित जबकि अहिल्यापुर थाना क्षेत्र से पूर्व के मामले के दो आरोपित को गिरफ्तार की है। विशनपुर से गिरफ्तार आरोपितों में विशनपुर गांव निवासी प्रद्युमन कुमार मंडल, निरंजन मंडल उर्फ, चपुआडीह गांव निवासी गणेश कुमार दास, रामलखन दास उर्फ छोटू व विनोद कुमार मंडल जबकि अहिल्यापुर से गिरफ्तार आरोपितों में अजय मंडल व नवल मंडल शामिल हैं। पुलिस ने आरोपितों के पास से आठ मोबाइल, दस सिमकार्ड, एक थम्ब इम्प्रेशन मशीन, दो अपाची बाइक, एक स्प्लेंडर बाइक, मोबाइल का सात खाली डब्बा, दो पासबुक, दो रूपे डेबिट कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड के अलावे अन्य सामान को भी जब्त किया है। सातों आरोपितों से पूछताछ करने के बाद पुलिस ने मंगलवार को न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश की जहां से न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया।
साइबर डीएसपी संदीप सुमन समदर्शी ने बताया कि बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बिशनपुर गांव स्थित निरंजन मंडल के घर के छत पर साइबर अपराध की घटना को अंजाम देने की गुप्त सूचना मिली जिसके आधार पर सहायक अवर निरीक्षक राकेश रौशन पांडेय के साथ अन्य बलों को लेकर छापेमारी अभियान चलाया गया। पुलिस पर नजर पड़ते ही सभी छत से उतर कर भागने लगे जिसमें से पांच को खदेड़कर गिरफ्तार किया गया। एक आरोपित अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के चामलिटी गांव निवासी सागर मंडल उर्फ बच्चू मंडल मौका पाकर फरार हो गया। सभी आरोपित एक जगह इकट्ठा होकर सीरियल कॉल करने में मशगुल थे। निरंजन मंडल साइबर अपराध का पेशेवर अपराधी है।
अहिल्यापुर से गिरफ्तार किए गए अजय मंडल व नवल मंडल साइबर अपराध के मामले में पूर्व से आरोपित हैं। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से दोनों आरोपित पुलिस की नजरों से भागे फिर रहे थे। छापेमारी अभियान में साइबर पुलिस व बेंगाबाद पुलिस के कई जवान शामिल थे।