शराब पी कुएं में कूदकर दी जान
शराब पीकर कुएं में कूदकर दी जान
खोरीमहुआ (गिरिडीह) : धनवार थाना क्षेत्र के गोरहंद में शुक्रवार दोपहर को पारिवारिक कलह से तंग आकर एक व्यक्ति ने शराब पीकर घर से कुछ दूर पड़ोसी के कुएं में छलांग लगा दी। कुएं में पानी नहीं के बराबर होने तथा अधिक गहरा होने के कारण कुएं में गिरते ही रेवत रविदास (58 वर्ष) की मौके पर मौत हो गई। रेवत कोलकता में कॉरपोरेशन में बतौर सरकारी कर्मचारी कार्यरत था। बीते कुछ दिनों से वह घर पर ही था। सूत्रों के अनुसार एक सप्ताह से उसका अपने पुत्र से विवाद चल रहा था। दोपहर को पिता पुत्र ने गांव के ही एक देशी शराब की दुकान पर शराब पी और फिर आपस में लड़ते- झगड़ते घर जाने लगे। गोरहंद चौक पर भी दोनों में बकझक हुई। ग्रामीणों ने दोनों को समझाया तो वे शांत होकर घर जाने लगे। इसी बीच रास्ते में ही रेवत ने अपने घर से महज 50 गज पहले प्रकाश स्वर्णकार के गहरे कुएं में छलांग लगा दी। इससे उसकी मौत हो गई। कुएं से जोरदार आवाज आने पर घटनास्थल पर ग्रामीण जुटे और मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। फिर पुलिस की ही मौजूदगी में ग्रामीणों ने शव को कुएं से बाहर निकाला।