हाइवा की चपेट में आने से किशोर की मौत, रोड जाम
सड़कों पर काल बनकर दौड़ते हाइवा का कहर थम नहीं रहा है। तेज रफ्तार हाइवा ने फिर एक किशोर की जान ले ली।
हीरोडीह (गिरिडीह) : सड़कों पर काल बनकर दौड़ते हाइवा का कहर थम नहीं रहा है। तेज रफ्तार हाइवा ने फिर एक किशोर की जान ले ली। जमुआ-खोरीमहुआ मुख्यमार्ग पर बलैडीह ओवरब्रिज के पास बुधवार सुबह हाइवा ने एक 12 वर्षीय किशोर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया। उसे इलाज के लिए धनबाद ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतक बलैडीह निवासी राजू दास का पुत्र राजकुमार दास था। घटना के विरोध में करीब पांच घंटे तक लोगों ने सड़क जाम रखा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अपनी बुआ के साथ राजकुमार सड़क किनारे से गांव में उसके घर जा रहा था। डोमचांच से पत्थर रख कर तेज रफ्तार से द्वारपहरी जा रहे हाइवा ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हाइवा पर उपचालक नहीं था। यदि उप चालक रहता तो अपनी साइड में जा रहे बालक को वह देख लेता और शायद यह घटना नहीं होती। मृतक की मां मालती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। बार-बार वह बेहोश हो जा रही थी।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने खोरीमहुआ-जमुआ मार्ग को जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे पुलिस निरीक्षक विनय राम, सीओ रामबालक कुमार, हीरोडीह थाना प्रभारी सुरेन्द्र वर्मा, भाजपा हीरोडीह मंडल अध्यक्ष प्रदीप सिंह ने लोगों को समझा-बुझाकर करीब पांच घंटा बाद जाम हटाया। जाम हटाने के लिए पदाधिकारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। किशोर को टक्कर मारने वाला हाइवा (जेएच 11एम 4889) की पहचान कर ली गई है। प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक हाइवा चालक रामप्रसाद मंडल पुलिस के कब्जे में है। बताया कि चालक और वाहन मालिक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।