गढ़वा में आर्केस्ट्रा डांस के लिए बारातियों और ग्रामीणों में जमकर लाठी-डंडे चले, बिना दुल्हन लौटी बारात
गढ़वा के केतार थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान बारातियों और ग्रामीणों के बीच मामूली विवाद हिंसक झड़प ...और पढ़ें

HighLights
शादी समारोह में बारातियों और ग्रामीणों के बीच हुई मारपीट।
दूल्हे के पिता सहित कई लोग घायल, वाहन क्षतिग्रस्त हुए।
विवाद के बाद बारात बिना दुल्हन के वापस लौटी।
संवाद सूत्र, जागरण, केतार (गढ़वा)। केतार थाना क्षेत्र की परसोडीह पंचायत अंतर्गत बांसडीह बिगहा टोला में सोमवार की रात एक शादी समारोह के दौरान मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
बारातियों और ग्रामीणों के बीच हुई मारपीट में दूल्हा के पिता सहित कई लोग घायल हो गए, जबकि बारात लेकर आई आधा दर्जन से अधिक वाहनों के शीशे टूट गए। घटना के बाद शादी की रस्म अधूरी रह गईं और बरात बिना विवाह के रात में ही वापस लौट गई।
आर्केस्ट्रा के दौरान दोनों पक्षों में विवाद
जानकारी के अनुसार बिगहा निवासी ददई पासवान की पुत्री खुशबू कुमारी की शादी पलामू जिले के उंटारी थाना क्षेत्र के पांडेयपुरा गांव निवासी राजू कुमार के साथ तय हुई थी।
सोमवार की रात जयमाला कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद आर्केस्ट्रा का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान दोनों पक्षों में कुछ बातों को लेकर कहासुनी हुई जो देखते ही देखते हिंसक के रूप ले लिया।
मारपीट में दूल्हे के पिता घायल
इस दौरान दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे, जिससे कई लोग चोटिल हो गए। मारपीट में दूल्हा के पिता दशरथ राम समेत कई लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में इसकी चर्चा हो रही है। हालांकि मंगलवार की शाम पांच बजे तक इस मामले में थाना में किसी प्रकार का आवेदन नहीं दिया गया था।
