विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गढ़वा में फोरलेन पर मैजिक वैन का स्टेयरिंग फेल होकर पुल से टकराया, छत्तीसगढ़ के दो लोगों की मौत; 3 गंभीर

Published: Wed, 23 Sep 2026 07:23 PM (IST)

गढ़वा में फोरलेन पर मैजिक वैन का स्टेयरिंग फेल होने से पुल से टकरा गई, जिसमें छत्तीसगढ़ के दो लोगों ...और पढ़ें

मैजिक वैन का स्टेयरिंग फेल होकर पुल से टकराया

मैजिक वैन का स्टेयरिंग फेल होकर पुल से टकराया

संवाद सूत्र, रमना (गढ़वा)। रमना थाना क्षेत्र के परसवान गांव के समीप फोरलेन पर बुधवार पूर्वाह्न करीब पांच बजे स्टेयरिंग फेल होने से मैजिक वैन पुल से टकरा गई। हादसे में वैन सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। मैजिक वैन में कुल 12 लोग सवार थे।

मृतकों की पहचान छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज निवासी हबीबन बीबी (30 वर्ष ) और महावीरगंज निवासी राजदेव (45 वर्ष ) के रूप में हुई है। वहीं गंभीर रूप से घायलों में कोरमा निवासी कलावती देवी (35वर्ष), कनकपुर निवासी अनीता देवी (40 वर्ष) और चकाई निवासी पूजा गुप्ता (30 वर्ष ) शामिल हैं।

डीएक्सएन मिशन की बैठक में शामिल होने आए थे

जानकारी के अनुसार सभी लोग छत्तीसगढ़ से बंशीधर नगर में आयोजित डीएक्सएन मिशन की बैठक में शामिल होने आए थे। बैठक समाप्त होने के बाद सभी मैजिक वैन से छत्तीसगढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान परसवान गांव के समीप अचानक वैन का स्टेयरिंग फेल हो गया। इससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और वैन अनियंत्रित होकर पुल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी आदित्य कुमार नायक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेजा। वहीं दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया गया। पुलिस ने घटना की जानकारी लेते हुए दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें- गढ़वा के पनघटवा डैम में नहाने के दौरान चार युवक डूबे, तीन को बचाया; एक अब भी लापता