झारखंड के गढ़वा में डायन बिसाही के आरोप में वृद्धा की पत्थर से कूचकर हत्या
Murder of Woman. झारखंड के गढ़वा में डायन बिसाही के आरोप में वृद्धा की पत्थर से कूचकर हत्या कर दी गई।
रंका (गढ़वा), संवाद सूत्र। झारखंड के गढ़वा में थाना क्षेत्र के करी गांव निवासी अकलू राम की 55 वर्षीय पत्नी मनतोरा देवी की बुधवार को महुआ चुनने के क्रम में अकेला पाकर पत्थर से कूचकर हत्या कर दी गई। हत्या के पीछे डायन बिसाही को कारण बताया जा रहा है।
थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि बुधवार को अहले सुबह मनतोरा देवी महुआ चुनने गई थी। इसी क्रम में उसकी हत्या कर दी गई है। हत्या की जानकारी पर रंका पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया है। इस बाबत अकलू राम ने गांव के ही चार लोगों के विरुद्ध डायन कहकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
जिन लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है उनमें महेंद्र राम, उसकी पत्नी लीलावती देवी, राजेेंद्र राम तथा कैलाश राम की पत्नी लखोइया देवी के नाम शामिल हैं। इस मामले में पुलिस महेंद्र तथा राजेंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर गढ़वा सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया फिर परिजन को सौंप दिया।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप