पदाधिकारियों ने किया बाजार समिति परिसर का निरीक्षण
संवाद सहयोगी गढ़वा कृषि उत्पादन बाजार समिति में परिसर में उमड़ रही लोगों की भीड़ को ले निरीक्षण किया।
संवाद सहयोगी, गढ़वा : कृषि उत्पादन बाजार समिति में परिसर में उमड़ रही लोगों की भीड़ को देखते हुए रविवार को प्रभारी अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार समेत अन्य पदाधिकारियों ने परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भीड़ भाड़ को कम करने के उद्देश्य से संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। उन्होंने बाजार समिति में आने वाले सभी थोक एवं खुदरा व्यापारियों तथा किसानों को निर्देश दिया। जिसमें उनके लिए अलग-अलग स्थान चिन्हित स्थान पर ही व्यवसाय करने को कहा गया। जहां तहां दुकान लगाने पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी। साथ ही खुदरा सब्जी विक्रेता को बाजार समिति परिसर में स्थित भारतीय स्टेट बैंक के पीछे खाली स्थान पर घेराबंदी वाले जगह पर बैठ कर अपना व्यवसाय करने का निर्देश दिया गया। स्थानीय किसान अपनी सब्जी एवं अन्य उपज को लेकर प्रतिदिन बाजार समिति आते हैं वह सभी पशु बाजार में बने शेड एवं खाली मैदान में घेराबंदी के अंदर सब्जी बेचेंगे। साथ ही सभी वाहनों को कर्बला के मैदान में खड़ा करने को कहा गया। भारी वाहनों का प्रवेश परिसर में सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक वर्जित रहेगा। इसके बाद भारी वाहनों का प्रवेश नहीं हो सकेगा। जिसमें एफसीआई एवं धान क्रय केंद्र के लिए छूट होगी। आम नागरिकों के लिए जो दो पहिया वाहनों से बाजार समिति आते हैं उनका प्रवेश वाहन के साथ वर्जित रहेगा। निरीक्षण में अनुमंडल पदाधिकारी गढ़वा के अलावा पुलिस उपाधीक्षक, गढ़वा अंचल अधिकारी , सचिव बाजार समिति, प्रखंड विकास पदाधिकारी गढ़वा तथा गढ़वा नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी संजय पांडेय उपस्थित थे।